भुवनेश्वर, ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूओ), कोरापुट में हिंदी माह समारोह एवं हिंदी कार्यशाला-2026 का समापन दैनिक जीवन और कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।
विश्वविद्यालय के राजभाषा अनुभाग एवं हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) अजीत कुमार शासनी ने दैनिक संवाद और कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों से हिंदी सीखने के साथ-साथ अपने दैनिक कार्यों में इसके प्रयोग के लिए सक्रिय पहल करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), कोरापुट के कमांडेंट श्री दिनेश पाल सिंह ने हिंदी की संवैधानिक स्थिति, उसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा तथा कार्यालयी संचार में हिंदी के बढ़ते प्रयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी की सरलता, सहजता और व्यापक स्वीकार्यता को रेखांकित करते हुए इसके प्रभावी प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
हिंदी माह समारोह के तहत विद्यार्थियों तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों के बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें कविता पाठ, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हिंदी कार्यशाला-2026 का भी आयोजन किया गया। कार्यशाला में कार्यालयी एवं शैक्षणिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हिंदी के प्रभावी एवं व्यवहारिक उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
