-
राष्ट्रवाद, सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और संगठनात्मक विस्तार पर हुआ मंथन
पुरी। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन नगरी पुरी में राष्ट्रीय हिंदू संगठन का 14वां स्थापना दिवस एवं दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक और राष्ट्रीय अधिवेशन सम्पन्न हुआ। आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारियों, संत-महात्माओं और करीब 400 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दो दिनों तक चले अधिवेशन में संगठन के विस्तार, सामाजिक सेवा, सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, राष्ट्रवाद, संगठनात्मक अनुशासन, जनसंपर्क, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्ययोजना सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
चार सत्रों में संगठन की भावी रणनीति पर चर्चा
पहले दिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चार सत्र आयोजित हुए। इनमें संगठनात्मक नेतृत्व, केंद्रीय कार्यकारिणी की भूमिका, वित्तीय नीति, प्रचार विभाग, सक्रिय सदस्यों की भूमिका, जनसंपर्क, विभिन्न राज्यों में संगठन के विस्तार और संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों को अधिक सक्रिय बनाने पर चर्चा हुई। चौथे सत्र में सदस्यता विस्तार, सभी जिलों में जिला कार्यालय स्थापित करने, वैदिक गुरुकुल और हिंदू शक्ति केंद्रों के विस्तार सहित आगामी कार्यक्रमों पर विशेष मंथन किया गया।
ध्वजारोहण, समुद्र पूजन और श्रीजगन्नाथ मंदिर की परिक्रमा
अधिवेशन के दूसरे दिन संगठन ध्वज की पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के बाद विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने समुद्र पूजन किया। इसके बाद करीब 400 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सामूहिक रूप से श्रीजगन्नाथ मंदिर की परिक्रमा में शामिल हुए।
शाम को पुरी टाउन हॉल में स्थापना दिवस का समापन समारोह आयोजित हुआ। संत-महात्माओं और विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने राष्ट्रवाद, सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और संगठन की भूमिका पर विचार रखे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र दुबे ने संगठन के विस्तार, सदस्यता वृद्धि और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया, जबकि ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुनीति मुंड ने पुरी में आयोजन को ओडिशा के लिए गौरव का विषय बताया।
समारोह में ‘हिंदू राष्ट्र’ की अवधारणा पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे। साथ ही संगठन के एप से संबंधित लघु वृत्तचित्र प्रस्तुत किया गया और विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को मानपत्र देकर सम्मानित किया गया। शंखनाद के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुनीति मुंड ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों और पुरी के नागरिकों के प्रति आभार जताया। इसके साथ राष्ट्रीय हिंदू संगठन के 14वें स्थापना दिवस एवं दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का विधिवत समापन हुआ।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
