-
विभिन्न प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
-
विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान
भुवनेश्वर। दूरदर्शन केंद्र, भुवनेश्वर में 18 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित हिंदी पखवाड़ा समारोह का समापन समारोह कार्यालय के सभागार में हुआ। समारोह की अध्यक्षता कार्यालय अध्यक्ष एवं उपमहानिदेशक नरसिंह जेठी ने की। केंद्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, कटक के निदेशक डॉ जीएके कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यक्रम प्रमुख पीके बेहेरा और सहायक निदेशक समाचार अभिषेक मिश्रा भी मंचासीन रहे।
हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ 18 सितंबर को कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया था। इससे पूर्व 14 और 15 सितंबर को मुंबई के वाशी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अखिल भारतीय हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन किया गया था। पखवाड़े के दौरान कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए शब्द ज्ञान, आशु भाषण, हिंदी टिप्पणी एवं आलेखन, प्रश्नोत्तरी, चुटकुला तथा ऑडियो-वीडियो सहित कुल छह प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कर्मचारियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कार्यालय में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपस में हिंदी में संवाद किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अलग-अलग विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे।
हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर दिया जोर
समापन समारोह की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ जीएके कुमार का कार्यालय अध्यक्ष नरसिंह जेठी ने अंगवस्त्र एवं पौधा प्रदान कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के प्रभारी राजेश तिवारी ने किया, जबकि स्वागत भाषण कार्यक्रम अधिशासी सचिन भालेकर ने दिया।
मुख्य अतिथि डॉ कुमार ने अपने संबोधन में कार्यालय के कामकाज में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने अपने दीर्घ अनुभव से जुड़े कई रोचक प्रसंग भी साझा किए। सहायक निदेशक समाचार अभिषेक मिश्रा ने कहा कि हिंदी सरल भाषा है और इसे अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में हिंदी का व्यापक रूप से प्रयोग होता है और कार्यालयीन कार्यों में भी हिंदी का उपयोग सहजता से किया जा सकता है। कार्यक्रम प्रमुख पीके बेहेरा ने भी हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
विजेताओं को मिला पुरस्कार
समापन समारोह में हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित छह प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ दो प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र दिए गए। पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्राप्त करने पर अधिकारी और कर्मचारी उत्साहित नजर आए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ अध्यक्ष की अनुमति से हिंदी पखवाड़ा समारोह के समापन की घोषणा की गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
