Home / Odisha / भुवनेश्वर को देश का नंबर एक स्वच्छ शहर बनाने का आह्वान

भुवनेश्वर को देश का नंबर एक स्वच्छ शहर बनाने का आह्वान

  •     देश की स्वच्छता रैंकिंग में भुवनेश्वर नौवें स्थान पर

  •     ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता अभियान में शामिल हुए मुख्यमंत्री

भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) की ओर से खंडगिरि में आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता अभियान में शामिल होकर नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शहर हमारा है और इसकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। वर्तमान में देश की स्वच्छता रैंकिंग में भुवनेश्वर नौवें स्थान पर है। यदि प्रत्येक नागरिक व्यक्तिगत रूप से अपनी जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वहन करे, तो भुवनेश्वर देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनकर प्रथम स्थान प्राप्त कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक होने का आग्रह करते हुए कहा कि जिस तरह हम अपने घर, आंगन और आसपास के स्थानों को साफ रखते हैं, उसी तरह अपनी सोच का दायरा बढ़ाने की आवश्यकता है। घर के सामने की सड़क और अपनी कॉलोनी को स्वच्छ रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से सफाई मित्रों के कार्य में सहयोग करने तथा घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन को सौंपने की अपील की। उन्होंने सड़क पर कचरा नहीं फेंकने और ऐसा करने वाले अन्य लोगों को भी रोकने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता से पहले महात्मा गांधी ने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी। वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांधीजी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से स्वच्छता को व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया है।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता से जोड़ने की एक अभिनव और सराहनीय पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भुवनेश्वर पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और सुंदर हुआ है, जिसका श्रेय सफाई मित्रों को जाता है। उन्होंने सफाई मित्रों की निरंतर सेवा के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके सामाजिक सुरक्षा हितों और आवास की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश के 50 ‘मॉडल सैनिटेशन सिटी’ के रूप में विकसित किए जाने वाले शहरों में ओडिशा के दो प्रमुख शहर भुवनेश्वर और पुरी का चयन किया गया है। उन्होंने इसके लिए दोनों शहरों के नगर निकायों के अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से सफाई मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में आवास एवं नगर विकास मंत्री कृष्णचंद्र महापात्र, एकाम्र विधायक बाबू सिंह, बीएमसी मेयर सुलोचना दास, पूर्व विधायक प्रियदर्शी मिश्रा, समाजसेवी जगन्नाथ प्रधान, बीएमसी आयुक्त चंचल राणा सहित पार्षद, बीएमसी कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …