Home / Odisha / महाविनायक और छतिया बट मंदिर के विकास पर जोर

महाविनायक और छतिया बट मंदिर के विकास पर जोर

  •  बालेश्वर में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा

  •  लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने चारबटिया और बालेश्वर डिवीजन की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति जानी

भुवनेश्वर। ओडिशा में सड़क, पुल और नागरिक बुनियादी ढांचे की प्रमुख परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए लोक निर्माण, कानून एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने चारबटिया और बालेश्वर डिवीजन के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। भुवनेश्वर में आयोजित बैठक में परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण में आ रही बाधाओं, निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को बिना देरी पूरा करने और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
महाविनायक और छतिया बट मंदिर में बढ़ेंगी पर्यटक सुविधाएं
समीक्षा बैठक में जाजपुर जिले के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थस्थलों के आसपास विकास और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी गई। महाविनायक मंदिर परिसर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, आवागमन में सुविधा और परिसर के सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर चर्चा हुई।
छतिया बट मंदिर की ओर जाने वाली सड़कों के चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था में सुधार और आसपास के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उद्देश्य श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाना और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।
बालेश्वर में रिंग रोड और प्रमुख सड़कों पर फोकस
बैठक में बालेश्वर डिवीजन के तहत चल रहे विकास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बालेश्वर रिंग रोड की भौतिक प्रगति का जायजा लेते हुए इसे तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया।
फकीर मोहन गोलेई से स्टेशन चौक तक सड़क के चौड़ीकरण और सतह सुधार के कार्य को भी प्राथमिकता दी गई। इससे शहर में यातायात दबाव कम करने और आवागमन को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। इसके अलावा न्यायिक हब के निर्माण की प्रगति तथा क्षेत्रीय सड़कों और पुलों से संबंधित परियोजनाओं के लिए विभागीय मंजूरियों में तेजी लाने पर चर्चा हुई।
समय पर काम पूरा करने के निर्देश
बैठक में बड़चना विधायक अमर कुमार नायक, बालेश्वर विधायक मानस कुमार दत्ता, इंजीनियर-इन-चीफ सिविल सत्यव्रत बेहरा, मुख्य अभियंता शिवव्रत तरिया, मुख्य अभियंता पुल प्रभास कुमार माझी सहित दोनों डिवीजनों के अधीक्षण अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने अधिकारियों को सभी लंबित परियोजनाओं को बिना अनावश्यक देरी के पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचे और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी स्तर पर अनावश्यक रुकावट न आए।
Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …