भुवनेश्वर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ( एबीवीपी) की ओर से उत्कल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंडी प्रसाद नंद से मुलाकात कर छात्र संघ चुनाव और विश्वविद्यालय की विभिन्न छात्र समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
एबीवीपी ने लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने चालू शैक्षणिक वर्ष में छात्र संघ चुनाव जल्द कराने की मांग की। इसके साथ ही छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रबंधन समिति गठित करने की भी मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी कुलपति का ध्यान आकर्षित किया।
एबीवीपी ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों और लोकतांत्रिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन सकारात्मक कदम उठाएगा, ऐसी उसे उम्मीद है। संगठन ने कहा कि छात्र समुदाय के हितों और उनकी समस्याओं को लेकर वह आने वाले दिनों में भी सक्रिय रूप से कार्य करता रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
