-
डीजीपी ने 12 खिलाड़ियों को किया सम्मानित
भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस के 12 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सोमवार को सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने वुशु, ताइक्वांडो, कराटे और पेंचक सिलाट जैसे खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
ओडिशा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह सम्मान समारोह भुवनेश्वर स्थित कमिश्नरेट पुलिस मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहां पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया।
इन खिलाड़ियों ने हैदराबाद में आयोजित 11वें ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर (2026–27) और पुणे में आयोजित 5वीं सीनियर नेशनल इंडिया ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
डीजीपी खुरानिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह राज्य और ओडिशा पुलिस का नाम रोशन करते रहेंगे।
प्रोत्साहन स्वरूप रजत पदक विजेताओं को 4,000 रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 3,000 रुपये की राशि प्रदान की गई।
प्रमुख खिलाड़ियों में डब्ल्यूसी/27 सस्वती नायक ने जूडो क्लस्टर में रजत और ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीता, जबकि सी/45 सत्यप्रकाश मोहंती ने दो कांस्य पदक हासिल किए। वहीं डब्ल्यूसी/968 ब्रतती विश्वप्रभा पाटी ने कराटे के व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त किए।
इस अवसर पर एडीजी (कानून-व्यवस्था) संजय कुमार और पुलिस आयुक्त सुरेश देव दत्त सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समन्वय खेल अधिकारी नीलमाधव स्वैन ने किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
