-
अंग प्रत्यारोपण में ‘उभरता सरकारी संस्थान’ का सम्मान
भुवनेश्वर। एम्स भुवनेश्वर को 16वें भारतीय अंगदान दिवस समारोह के दौरान “अंग प्रत्यारोपण में उभरता सरकारी संस्थान” के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह समारोह नई दिल्ली में राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन द्वारा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के तहत आयोजित किया गया।
एम्स भुवनेश्वर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पुरस्कार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ लोवनीश जी कृष्णा, अतिरिक्त सचिव विजय नेहरा तथा राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन के निदेशक डॉ अनिल कुमार उपस्थित थे।
यह सम्मान एम्स भुवनेश्वर की ओर से डॉ अनीता सक्सेना, डॉ अशुतोष बिस्वास (कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ), डॉ प्रभास रंजन त्रिपाठी (चिकित्सा अधीक्षक) तथा डॉ ब्रह्मदत्त पटनायक (एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी) ने ग्रहण किया।
एम्स भुवनेश्वर को अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति के लिए सम्मानित किया गया, विशेषकर प्रत्यारोपण की संख्या में तेजी से वृद्धि के लिए, जहां वर्ष 2024 में 16 प्रत्यारोपण हुए, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 63 हो गई। उल्लेखनीय है कि यह सम्मान प्राप्त करने वाला देश का एकमात्र एम्स है, जो इस क्षेत्र में इसकी अग्रणी भूमिका को दर्शाता है।
इस अवसर पर डॉ अशुतोष बिस्वास ने कहा कि यह सम्मान संस्थान की बहु-विषयक टीम, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, ट्रांसप्लांट समन्वयकों और सहयोगी कर्मियों की समर्पित मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अंगदाताओं के परिवारों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिनके निःस्वार्थ निर्णय ने अनेक लोगों का जीवन बचाया है।
स्थापना के बाद से एम्स भुवनेश्वर ने अब तक 78 किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए हैं, जिनमें 61 जीवित दाताओं से और 17 मृत दाताओं से किए गए प्रत्यारोपण शामिल हैं। इसके अलावा संस्थान ने 6 सफल अंगदान प्रक्रियाएं पूरी की हैं, साथ ही 4 जीवित दाता लीवर प्रत्यारोपण और 1 मृत दाता लीवर प्रत्यारोपण भी किया है।
कम समय में एम्स भुवनेश्वर ने अंग प्राप्ति, प्रत्यारोपण और पोस्ट-ट्रांसप्लांट देखभाल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही, यह संस्थान जन-जागरूकता अभियान और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से अंगदान को बढ़ावा देने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
