-
दो फैक्ट्रियों को लाखों की क्षति
-
हरिप्लास्ट फैक्ट्री और हरि डिस्ट्रीब्यूटर्स में घुसा पानी
-
कच्चा माल, रसायन, तैयार उत्पाद और मशीनें हुईं क्षतिग्रस्त
बालेश्वर। लगातार हुई भारी बारिश के कारण बालेश्वर शहर का औद्योगिक क्षेत्र जलमग्न हो गया, जिससे कई औद्योगिक इकाइयों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खाननगर स्थित हरिप्लास्ट फैक्ट्री और ओटी रोड इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित हरि डिस्ट्रीब्यूटर्स में बारिश का पानी घुस जाने से लाखों रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हो गई।
हरिप्लास्ट फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार, 28 जुलाई की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण फैक्ट्री परिसर में पानी भर गया। इससे बड़ी मात्रा में रखा रेजिन, रासायनिक सामग्री, रंग तथा अन्य कच्चा माल खराब हो गया। इसके अलावा तैयार पाइप और फिटिंग्स भी पानी में डूबकर क्षतिग्रस्त हो गए। पानी मशीनों के भीतर तक पहुंच जाने से कई उत्पादन मशीनें भी खराब हो गईं, जिससे फैक्ट्री को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
इसी तरह ओटी रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित हरि डिस्ट्रीब्यूटर्स भी जलभराव की चपेट में आ गया। फैक्ट्री परिसर में पानी घुसने से बड़ी मात्रा में रखा रासायनिक पदार्थ, झींगा (प्रॉन) फीड तथा प्रॉन हार्वेस्टिंग में उपयोग होने वाली दवाइयां खराब हो गईं। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि जलभराव से अधिकांश स्टॉक प्रभावित हुआ है, जिससे उत्पादन और कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।
स्थानीय उद्योगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था में सुधार और औद्योगिक क्षेत्रों में स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
