-
युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी का व्यक्तित्व प्रेरणास्रोत – मुनिश्री मोहजीत कुमार
कटक। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री मोहजीत कुमार जी ठाणा-3 के सान्निध्य में नवमनोनीत युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी का वर्धापना समारोह श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के तत्वावधान में अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुनिश्री मोहजीत कुमार जी ने कहा कि तेरापंथ धर्मसंघ के एकमाधिशास्ता युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी ने मुख्यमुनिश्री महावीर कुमार जी को अपने उत्तराधिकारी के रूप में युवाचार्य पद पर मनोनीत कर धर्मसंघ को समर्थ नेतृत्व प्रदान किया है।
मुनिश्री ने युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, विनम्रता, समर्पण, प्रमोदभाव तथा सेवाभाव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने मंगलकामना व्यक्त करते हुए कहा कि युवाचार्य श्री निरामय, स्वस्थ एवं दीर्घायु रहते हुए अपने गुणों का निरंतर विकास करें तथा धर्मसंघ की प्रभावी सेवा करते रहें। इस अवसर पर उन्होंने अपने स्वरचित दोहों का भी प्रभावशाली पाठ किया।
मुनिश्री भव्य कुमार जी ने कहा कि फलसूंड जैसे छोटे से गांव से प्रारंभ हुई यह साधना-यात्रा आज गुरु-समर्पण, सहजता, सरलता, विनम्रता एवं उत्कृष्ट गुणों से सुशोभित होकर युवाचार्य पद तक पहुँची है। उन्होंने युवाचार्य श्री के उत्तरोत्तर विकास तथा धर्मसंघ की निरंतर प्रगति की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
मुनिश्री जयेश कुमार जी ने युवाचार्य प्रवर से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनकी गुणाराधना की। साथ ही अपने स्वरचित संस्कृत काव्य के सुमधुर संगान से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के निवृत्तमान अध्यक्ष मनसुखलाल सेठिया, कटक सभा अध्यक्ष मुकेश सेठिया, भवन समिति अध्यक्ष चैनरूप चौरड़िया, तेरापंथ युवक परिषद के मंत्री चिराग सिंघी, तेरापंथ महिला मंडल की ओर से नूतन विनायकिया, अणुव्रत समिति की ओर से मुकेश जी डूंगरवाल, भैरव जी दुगड़, निहारिका सिंघी एवं भावना सुराणा ने अभिनन्दन एवं अभ्यर्थना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामय संचालन मुनिश्री भव्य कुमार जी ने किया। यह जानकारी पुष्पा सिंघी, मीडिया प्रभारी, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, कटक ने दी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
