Home / Odisha / ओडिशा में लगातार भारी बारिश से खतरा बढ़ा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में लगातार भारी बारिश से खतरा बढ़ा

  •  राज्य सरकार ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां और तेज की

  •  तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को प्रभावित जिलों की कमान

  •     बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर में विशेष निगरानी

  •     संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश

भुवनेश्वर। उत्तर ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश और कई नदियों के खतरे के निशान से ऊपर बहने के बीच राज्य सरकार ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां और तेज कर दी हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि अगले 12 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ऊपरी और निचले जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है। स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सरकार ने तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को सबसे अधिक प्रभावित जिलों में तैनात किया है।

सरकार ने ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन (ओएमसी) के प्रबंध निदेशक सुधांशु मोहन सामल को भद्रक, ओडिशा स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन (ओएससीएस) के प्रबंध निदेशक के सुदर्शन चक्रवर्ती को बालेश्वर तथा आबकारी आयुक्त पी अन्वेषा रेड्डी को जाजपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी है।

ये अधिकारी जिला कलेक्टरों के साथ मिलकर बाढ़ की स्थिति की निगरानी, राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय तथा क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में पुनर्बहाली कार्यों की निगरानी करेंगे।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और राहत शिविरों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि जिन वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित जिलों में भेजा गया है, वे पहले भी इन जिलों में कार्य कर चुके हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राज्य सरकार को लगातार स्थिति से अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को संवेदनशील तटबंधों और नदी तटों पर तैनात किया गया है। रात में विशेष गश्त बढ़ा दी गई है तथा कहीं भी तटबंध कमजोर होने या टूटने की आशंका होने पर तत्काल बालू की बोरियों सहित अन्य आपात उपाय किए जाएंगे।

इस बीच जलाका, बूढ़ाबलंग और सालंदी नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं मयूरभंज, केंदुझर और संबलपुर जिलों में भी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और पशुधन को संवेदनशील क्षेत्रों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओड्राफ) की टीमों को प्रभावित जिलों में तैनात किया गया है।

पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने बताया कि केंदुझर, मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर के पुलिस अधीक्षकों को निकासी अभियान में जिला प्रशासन की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत शिविरों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की जाएगी।

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत, बचाव, निगरानी और पुनर्बहाली कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि संभावित बाढ़ से जन-धन के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …