-
धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भुवनेश्वर। संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कर्नाटक में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या में आई कमी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया को राजनीतिक सुविधा के अनुसार सही या गलत ठहराती है।
धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर कहा कि कर्नाटक में एसआईआर की प्रक्रिया ने कांग्रेस के राजनीतिक दोहरेपन को उजागर कर दिया है। उन्होंने देशभर में मतदाता सूचियों को व्यवस्थित सत्यापन के माध्यम से मजबूत करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के प्रयासों की सराहना की। साथ ही आरोप लगाया कि विपक्ष निर्वाचन आयोग को लगातार निशाना बना रहा है।
प्रधान के अनुसार, कांग्रेस शासित कर्नाटक में राज्य के निर्वाचन तंत्र के अधिकारियों—निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद अंतिम मतदाता सूची में एसआईआर से पहले की सूची की तुलना में करीब एक करोड़ मतदाताओं की संख्या कम दर्ज की गई है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या अब कांग्रेस अपनी ही सरकार के निर्वाचन तंत्र पर गलत काम करने का आरोप लगाएगी या यह स्वीकार करेगी कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक वैध प्रक्रिया है।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया पर तब सवाल उठाती है, जब परिणाम उसकी राजनीतिक रणनीति के अनुकूल नहीं होते, लेकिन अपनी ही सरकार के तहत वही प्रक्रिया लागू होने पर चुप रहती है। उन्होंने इसे राजनीतिक सुविधा के आधार पर निर्वाचन प्रक्रिया की चुनिंदा आलोचना बताते हुए कांग्रेस के रवैये को शर्मनाक करार दिया।
प्रधान ने कहा कि समस्या पुनरीक्षण की प्रक्रिया में नहीं, बल्कि कांग्रेस के उस रवैये में है, जिसमें वह राजनीतिक लाभ के हिसाब से कभी निर्वाचन प्रक्रिया पर भरोसा करती है और कभी उसे बदनाम करने का प्रयास करती है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
