-
ओडिशा में पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट
-
चार जिलों के लिए ऑरेंज और 16 जिलों के लिए येलो चेतावनी
-
मछुआरों को 27 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह
भुवनेश्वर। बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने के बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा में अगले पांच दिनों तक व्यापक वर्षा की चेतावनी जारी की है।
भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार यह प्रणाली अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकती है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
आईएमडी ने केंदुझर, अनुगोल, ढेंकानाल और कटक जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
वहीं पुरी, खुर्दा, नयागढ़, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, जाजपुर, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, देवगढ़, संबलपुर, बरगढ़, सोनपुर और बौध जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए आईएमडी ने 27 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें जल्द से जल्द तट पर लौटने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस मौसम प्रणाली का प्रभाव तटीय, आंतरिक और पश्चिमी ओडिशा के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और दृश्यता कम होने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सतर्क रहने और आईएमडी तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग निम्न दबाव क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और समय-समय पर नई जानकारी जारी करेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
