भुवनेश्वर, प्रख्यात उपन्यासकार एवं राजनीतिज्ञ कालिंदी सामल द्वारा रचित उपन्यास ‘अपर पक्ष’ का लोकार्पण ओड़िया विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट वास्तुकार पद्मश्री प्रभाकर महाराणा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सत्यानारायण आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि ओडिशा साहित्य अकादमी के संपादक डॉ. चंद्रशेखर होता ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।
समारोह में प्रख्यात फिल्म अभिनेता प्रीतिराज शतपथी सम्मानित अतिथि तथा ओडिशा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर महांती विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अरविंद राय ने की।
कार्यक्रम का आयोजन ‘सारला भाषा साहित्य एवं पुरातत्व अनुसंधान न्यास’ द्वारा किया गया, जिसके निदेशक अजीत दास ने उपन्यास ‘अपर पक्ष’ की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, आदिवासी अनुसंधान एवं विकास केंद्र के निदेशक डॉ. विक्रम जेना ने पुस्तक की समीक्षात्मक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत गीतकार डॉ. पंचानन नायक के संयोजन में प्रस्तुत भक्तिमय संगीत से हुई, जिसने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधागोविंद कोइला एवं डॉ. शर्मिष्ठा महापात्र ने किया।
इस अवसर पर ‘प्राची साहित्य प्रतिष्ठान’ के प्रमुख विभु प्रसाद त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को पद्मश्री प्रभाकर महाराणा द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित हस्तियों में विश्व ओड़िया परिवार के अध्यक्ष एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सज्जन शर्मा, समीर महांती, प्रीतिराज शतपथी, कालिंदी सामल, वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार साहू तथा प्रख्यात गीतकार डॉ. पंचानन नायक शामिल रहे।
यह आयोजन साहित्यिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जिसमें साहित्य प्रेमियों और बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
