Home / Odisha / एम्स भुवनेश्वर का छठा दीक्षांत समारोह संपन्न

एम्स भुवनेश्वर का छठा दीक्षांत समारोह संपन्न

  •           684 विद्यार्थियों को मिली डिग्री; 32 मेधावियों को 61 स्वर्ण पदक

  •           केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल बोलीं- आत्मविश्वास और संवेदना के साथ पहनें व्हाइट कोट

  •           एम्स के रखते हैं डॉक्टर ‘डॉक्टर प्लस’ की विशेष पहचान

भुवनेश्वर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर का छठा दीक्षांत समारोह शनिवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और मरीजों की बेहतर देखभाल के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए आयोजित इस समारोह में भारत सरकार की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संसदीय कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ मुकेश महालिंग भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह में कुल 684 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 192 एमबीबीएस, 163 एमडी/एमएस, 60 डीएम/एमसीएच, 17 पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो, 4 पीएचडी, 134 बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग, 75 बीएससी (ऑनर्स) पैरामेडिकल तथा 39 एमएससी नर्सिंग के विद्यार्थी शामिल रहे।

उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 32 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 61 स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सा पेशा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट विश्वास, जिम्मेदारी, समर्पण और सम्मान का प्रतीक है। इसे आत्मविश्वास और संवेदना के साथ पहनें तथा हर मरीज के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं।

उन्होंने कहा कि एम्स से शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉक्टरों की पहचान सामान्य चिकित्सकों से अलग होती है। उन्हें “डॉक्टर प्लस” बताते हुए उन्होंने कहा कि एम्स के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना, अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, अनुसंधान के व्यापक अवसर, अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और संवेदनशील चिकित्सा सेवा का प्रशिक्षण मिलता है, जो उन्हें विशिष्ट बनाता है।

देश में एम्स की संख्या बढ़कर 23 हुई

केंद्रीय मंत्री ने देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यापक विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में एम्स संस्थानों की संख्या 7 से बढ़कर 23 हो गई है। इसी प्रकार देश में अब 820 मेडिकल कॉलेज, लगभग 1.29 लाख एमबीबीएस सीटें तथा करीब 85 हजार स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटें उपलब्ध हैं, जिससे चिकित्सा शिक्षा के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों पर चिंता व्यक्त

उन्होंने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश में सस्ती, सुलभ और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। उन्होंने बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों (एनसीडी) पर चिंता व्यक्त करते हुए चिकित्सकों से केवल उपचार ही नहीं, बल्कि रोगों की रोकथाम और समय पर पहचान पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

देशभर में 1.84 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित

अनुप्रिया पटेल ने बताया कि देशभर में 1.84 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, जो प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का पहला केंद्र बन चुके हैं। साथ ही भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा जनसंख्या आधारित स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुख कैंसर, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी पांच प्रमुख बीमारियों की स्क्रीनिंग की जा रही है।

महालिंग ने एम्स की भूमिका को सराहा

इस अवसर पर डॉ मुकेश महालिंग ने पूर्वी भारत में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में एम्स भुवनेश्वर की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी स्नातक विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत

एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ आशुतोष बिस्वास ने स्वागत भाषण देते हुए संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान, मरीजों की देखभाल, अधोसंरचना विकास और नवाचार के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में एम्स भुवनेश्वर की अध्यक्ष डॉ अनीता सक्सेना, डीन (अकादमिक) डॉ दिलीप कुमार परिडा तथा रजिस्ट्रार डॉ सुदीप्त रंजन सिंह सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …