-
‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के बीच उमड़ा जनसैलाब
बालेश्वर। बालेश्वर जिले के रेमुणा प्रखंड स्थित बालगोपालपुर औद्योगिक क्षेत्र के इमामी नगर श्रीजगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान श्रीजगन्नाथ, श्रीबलभद्र, देवी सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर श्रीगुंडिचा मंदिर के लिए प्रस्थान किए। पूरे मार्ग में ‘जय जगन्नाथ’ के गगनभेदी जयघोष, शंख, घंटा, मृदंग और काहली की मंगलध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य पुजारी ने रथ प्रतिष्ठा, आज्ञामाला अर्पण, मंगलार्पण, धाड़ी पहंडी और टाहिया लागी सहित सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न कराए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ को खींचकर श्रीगुंडिचा मंदिर तक पहुंचाया। इस अवसर पर इमामी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार खेतान ने भगवान की पारंपरिक छेरा पहंरा सेवा संपन्न कर सेवा, समर्पण और विनम्रता का संदेश दिया। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महाप्रभु के दर्शन किए।
इमामी समूह के संस्थापक राधेश्याम अग्रवाल और राधेश्याम गोयनका की धार्मिक आस्था एवं सेवा-भाव का ही परिणाम है कि इमामी श्रीजगन्नाथ मंदिर आज क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल हो चुका है। मंदिर प्रशासन के प्रमुख सुशील गोयनका के मार्गदर्शन में इमामी पेपर मिल्स लेडीज़ क्लब, रथयात्रा समिति तथा कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से पूरे आयोजन का सफल संचालन किया गया। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा की भी विशेष व्यवस्था की गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार नौ दिनों तक चलने वाले रथयात्रा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन संध्या समय वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रासलीला एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
