-
संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सरकार सतर्क
-
आईएमडी ने कई जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
भुवनेश्वर। ओडिशा में पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश का दौर अगले 24 घंटे तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि झारखंड की ओर बढ़ चुके अवदाब (डिप्रेशन) के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार सुबह तक सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, सोनपुर, नुआपड़ा और बलांगीर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा अनुगूल, केंदुझर, मयूरभंज, बौधगढ़, कलाहांडी, कंधमाल और नवरंगपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले 24 घंटे के दौरान केंदुझर और मयूरभंज जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
सोनपुर में सबसे अधिक 328.4 मिमी वर्षा
रविवार से सोमवार के बीच राज्य में सबसे अधिक 328.4 मिलीमीटर वर्षा सोनपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा हीराकुद में 200.2 मिमी और संबलपुर में 193.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
लगातार बारिश से राज्य के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हैं, कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और अनेक घरों में बारिश का पानी घुस गया है।
जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश
राज्य में जून महीने के दौरान सामान्य से 47 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन जुलाई की शुरुआत में ही बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक जुलाई में 327.3 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 271.6 मिलीमीटर है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
