Home / Odisha / वीके पांडियन बनेअंतरराष्ट्रीय मंच पर आपदा प्रबंधन मॉडल का चेहरा

वीके पांडियन बनेअंतरराष्ट्रीय मंच पर आपदा प्रबंधन मॉडल का चेहरा

  •     ओडिशा के पूर्व वरिष्ठ नौकरशाह से वेनेजुएला ने आपदा प्रबंधन के लिए लिया सहयोग

  •     पांडियन ने बीजद शासन में निभाई थी अहम भूमिका

  •     अब भूकंप प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर साझा किए अनुभव

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजनीति में जिन वीके पांडियन को कभी सत्ता परिवर्तन का सबसे बड़ा कारण माना गया, वही पांडियन अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर ओडिशा के आपदा प्रबंधन मॉडल का चेहरा बनकर उभरे हैं। वेनेजुएला में भूकंप प्रभावित क्षेत्रों का दौरा और वहां के शीर्ष नेतृत्व के साथ आपदा प्रबंधन पर विचार-विमर्श ने उन्हें फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

यह घटनाक्रम राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में अब भाजपा की सरकार है, लेकिन ओडिशा के अनुभवों को साझा करने के लिए किसी सरकारी प्रतिनिधि के बजाय पूर्व नौकरशाह वीके पांडियन की मौजूदगी ने कई सवालों और नई बहस को जन्म दे दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनका यह दौरा निजी स्तर पर था या किसी औपचारिक व्यवस्था के तहत।

भूकंप प्रभावित इलाकों का किया दौरा

वीके पांडियन ने वेनेजुएला के भूकंप प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और तत्काल आवश्यकताओं की जानकारी ली। इसके साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी आपदा प्रतिक्रिया टीमों से भी बातचीत की और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके कार्यों की सराहना की।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति से की मुलाकात

दौरे के दौरान वीके पांडियन ने वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास और दीर्घकालिक आपदा न्यूनीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। पांडियन ने ओडिशा और भारत में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के सफल अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार प्रभावी रणनीतियों के माध्यम से प्रभावित समुदायों का पुनर्वास और पुनर्निर्माण किया गया।

आपदाओं में अपनाए गए प्रबंधन मॉडल की जानकारी साझा की

पांडियन ने वेनेजुएला के नेतृत्व के साथ ओडिशा में चक्रवात, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाए गए प्रबंधन मॉडल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समय पर चेतावनी, त्वरित निकासी, प्रभावी राहत व्यवस्था और सामुदायिक भागीदारी ने ओडिशा को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक सफल मॉडल के रूप में स्थापित किया है।

सत्ता से हैं बाहर, देश की सीमाओं से बाहर कायम है पहचान

वीके पांडियन ने बीजद सरकार के कार्यकाल में प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि वर्तमान में वह ओडिशा में किसी भी सरकारी या प्रशासनिक पद पर नहीं हैं, लेकिन उनके अनुभव और कार्यशैली की पहचान देश की सीमाओं से बाहर भी बनी हुई है। वेनेजुएला द्वारा आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर उनके अनुभवों का लाभ लेना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि ओडिशा में विकसित आपदा प्रबंधन मॉडल और उससे जुड़े प्रशासनिक अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीरता से देखा जा रहा है।

आध्यात्मिक संबंधों पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान भारत और वेनेजुएला के बीच सत्य साई बाबा के प्रति साझा आस्था का भी उल्लेख हुआ। दोनों पक्षों ने माना कि आध्यात्मिक मूल्यों और सामुदायिक सहयोग की भावना आपदा के बाद लोगों के मनोबल को मजबूत करने और पुनर्वास प्रक्रिया को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …