-
पत्नी के निधन के एक सप्ताह बाद परिवार पर टूटा दूसरा दुःख
-
नुआपड़ा में पेड़ के नीचे बारिश से बचने के दौरान हुआ हादसा
-
दिव्यांग बेटी के सिर से उठा माता-पिता का साया
नुआपड़ा। नुआपड़ा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा ऐसे समय हुआ है, जब मृतक की पत्नी का एक सप्ताह पहले ही निधन हुआ था और परिवार अभी उनके अंतिम संस्कार से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान भी पूरे नहीं कर पाया था।
मृतक की पहचान सिनापाली थाना क्षेत्र के डांगरीगुड़ा गांव निवासी 55 वर्षीय धनेश्वर माझी के रूप में हुई है। शनिवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश और गरज-चमक के बीच धनेश्वर बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल सिनापाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दुर्गामाधव बाग के निर्देश पर उपनिरीक्षक गौरीशंकर दास पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
धनेश्वर माझी की पत्नी तुलसे माझी का एक सप्ताह पहले ही निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार अभी शोक में डूबा हुआ था और अंतिम संस्कार से जुड़े सभी अनुष्ठान भी पूरे नहीं हुए थे। ऐसे में धनेश्वर की आकस्मिक मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
अब परिवार की दिव्यांग बेटी के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। ग्रामीणों ने इस पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
