-
फरार आरोपियों के घर और कबाड़ दुकान ध्वस्त
-
लाखों रुपये की एल्यूमीनियम लाइट चोरी का आरोप
भुवनेश्वर। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए एल्यूमीनियम स्ट्रीट लाइटों की चोरी के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों के घरों और एक कबाड़ दुकान पर बुलडोजर चलाया।
खारवेल नगर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने शांतिनगर बस्ती के निवासी शेख हमीद और रमजान नामक दो फरार आरोपियों के घरों को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा मामले से जुड़ी एक कबाड़ दुकान को भी तोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए लाखों रुपये मूल्य के एल्यूमीनियम स्ट्रीट लाइटों की चोरी में शामिल थे।
अब तक पांच गिरफ्तार
इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेख हमीद और रमजान अभी भी फरार हैं। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी का सामान आरोपियों के ठिकानों पर रखा गया है। इसके आधार पर कमिश्नरेट पुलिस ने पहले आरोपियों की दुकाननुमा संरचनाओं को हटाया और बाद में उनके मकानों को भी ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई बीएमसी अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी
कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधों और संगठित चोरी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और कानून से बचने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
