-
संगठनात्मक मजबूती पर जोर
भुवनेश्वर। ईस्ट कोस्ट रेलवे मजदूर संघ द्वारा मांचेश्वर, भुवनेश्वर स्थित प्रशिक्षण केंद्र सह निरीक्षण विश्रामगृह में आयोजित त्रिदिवसीय आवासीय जोनल स्तरीय अभ्यास वर्ग का 21 जून को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संघ की विभिन्न इकाइयों से कुल 42 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिनमें खुर्दा रोड, संबलपुर, वाल्टेयर मंडल, मांचेश्वर कार्यशाला एवं जोनल मुख्यालय के प्रतिनिधि शामिल थे।
अभ्यास वर्ग का उद्घाटन ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुख्य कारखाना प्रबंधक अमित सिन्हा ने किया। उद्घाटन सत्र में भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय सम्पादिका अंजली पटेल ने संगठन की विचारधारा, नियमों एवं कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम प्रवर्तन अधिकारी रश्मिता साहू ने श्रम कल्याण योजनाओं एवं मंत्रालय की विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अभ्यास वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन प्रदान किया। “पंच परिवर्तन” विषय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भुवनेश्वर महानगर के संघचालक श्रीनिवास मानसिंह ने विचार रखे। “राष्ट्र सर्वोपरि” पर भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गणेश मिश्र ने प्रेरक संबोधन दिया। भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा पर अंजली पटेल ने विस्तार से प्रकाश डाला, जबकि दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के जीवन एवं कृतित्व पर कृष्ण चंद्र मिश्र ने व्याख्यान दिया। श्रम कानून पर श्री दिलीप सतपथी ने जानकारी दी तथा नेतृत्व विकास पर लक्ष्मण दास ने मार्गदर्शन किया। अनुशासन एवं अपील नियम पर सीताकांत महापात्र ने विस्तार से समझाया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सोशल मीडिया पर त्रिलोचन साहू ने तकनीक के संगठनात्मक उपयोग पर व्याख्यान दिया। इसके अतिरिक्त बैठक संचालन, वित्तीय अनुशासन, संगठन विस्तार एवं कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर भी सत्र आयोजित हुए।
वक्ताओं ने संगठन की वैचारिक दिशा, श्रमिक अधिकारों, तकनीकी परिवर्तन के प्रभाव तथा नेतृत्व क्षमता के विकास पर विशेष बल दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वित्तीय अनुशासन, प्रभावी बैठक संचालन और कार्यकर्ता विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रशिक्षित किया गया।
समापन सत्र में वक्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभ्यास वर्ग कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक दक्षता को और अधिक सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि इससे संगठन के विस्तार के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के प्रयासों को भी नई गति मिलेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
