-
अगले दो दिन भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
-
ट्रफ के प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश
-
60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा
भुवनेश्वर। ओडिशा में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति फिलहाल धीमी पड़ने के बावजूद ट्रफ के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि मानसून 23 जून के आसपास राज्य के और अधिक क्षेत्रों में आगे बढ़ेगा, जिससे वर्षा गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। 23 जून के बाद मानसूनी गतिविधियां और अधिक सक्रिय हो सकती हैं।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
शुक्रवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। भुवनेश्वर सहित कई क्षेत्रों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से घटकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राज्य में सबसे अधिक 88.6 मिमी वर्षा कटक में दर्ज की गई। इसके अलावा अंगुल में 40 मिमी, भद्रक में 35.4 मिमी और बारिपदा में 29.6 मिमी बारिश हुई। मयूरभंज जिले में खराब मौसम के कारण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को रायरंगपुर की यात्रा सड़क मार्ग से करनी पड़ी।
आज और कल इन जिलों में आंधी-तूफान का खतरा
आईएमडी के अनुसार बालेश्वर, भद्रक, केंदुझर, मयूरभंज, रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि और गजपति जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है।
इसके अलावा जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अनुगोल, ढेंकानाल, सोनपुर, बौध, नुआपड़ा, बलांगीर, सुंदरगढ़, कलाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश की संभावना है।
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जाजपुर, केंद्रापड़ा, केंदुझर और मयूरभंज जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 21 जून को मयूरभंज और बालेश्वर जिलों में भी भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
समुद्र में न जाएं मछुआरे
ओडिशा तट और उससे सटे समुद्री क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों के दौरान यह गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
अगले तीन दिन तक जारी रहेगा असर
आईएमडी ने बताया कि अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ व्यापक स्तर पर गरज-चमक और वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मानसून के अगले चरण में प्रवेश कर रहे ओडिशा में 23 जून के बाद वर्षा की तीव्रता बढ़ने के संकेत हैं, जिससे किसानों और जलाशयों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ की स्थिति पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
