Home / Odisha / दो घोषणाओं के संग मोहन माझी ने पेश किया दो साल का रिपोर्ट कार्ड

दो घोषणाओं के संग मोहन माझी ने पेश किया दो साल का रिपोर्ट कार्ड

  •     ओडिशा में केजी से पीजी तक मिलेगी मुफ्त शिक्षा

  •     आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा बड़ा सहारा

  •     दो साल पूरे होने पर मोहन माझी ने की ऐतिहासिक घोषणा

भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने राज्य में केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा लागू करने का ऐतिहासिक फैसला सुनाया, जिससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही दो नए स्किल सेंटर खोलने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर ओडिशा कन्वेंशन सेंटर में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में किंडरगार्टन (केजी) से लेकर स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा की और कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों और उनके परिवारों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों पर पड़ने वाले शिक्षा के वित्तीय बोझ को कम करना है। उन्होंने दावा किया कि इस व्यापक मुफ्त शिक्षा नीति को लागू करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस योजना में सभी छात्रों को लाभ मिलेगा और वंचित वर्गों के युवाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर प्राप्त होगा।

अपने दो वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार एक “जनता की सरकार” है, जो सीधे नागरिकों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने दोहरे प्रभाव के साथ काम करते हुए अब तक 121 योजनाओं को लागू किया है, जो समृद्ध ओडिशा के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की यह पहल राज्य के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी और पारदर्शी एवं समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …