-
मोदी सरकार के 12 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया
-
कहा- विकसित ओडिशा और विकसित भारत का सपना तेजी से हो रहा साकार
-
तकनीक, पारदर्शिता और सुशासन ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया
-
बिचौलियों की व्यवस्था खत्म कर लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया
भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मोदी सरकार के 12 वर्षों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “स्पीड, स्केल और स्किल” के माध्यम से भारत की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में विकास की गति कई गुना बढ़ी है और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
ओडिशा कन्वेंशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मेघवाल ने कहा कि 30 वर्षों बाद देश की जनता ने किसी एक दल को पूर्ण बहुमत देकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने का अवसर दिया। इसके बाद देश ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता का नया युग देखा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ऐसे नेता हैं जिन्होंने देश के कोने-कोने का दौरा कर लोगों की समस्याओं को समझा और उन्हें समाधान से जोड़ा।
विकास का बढ़ा दायरा और गति
केंद्रीय मंत्री ने पहले की सरकार और मौजूदा सरकार में विकाय मूलक योजनाओं गति की तुलना करते हुए कहा कि पहले इंदिरा आवास योजना के तहत सीमित संख्या में घर बनाए जाते थे, ऑर्डर कम आते थे और वित्तीय सहायता भी बहुत कम थी। कई परियोजनाएं वर्षों तक लंबित रहती थीं। जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में लगभग चार करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने केवल योजनाएं नहीं बनाईं, बल्कि उनके क्रियान्वयन की गति भी कई गुना बढ़ाई।
स्वच्छ भारत बना जन आंदोलन
मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से स्वच्छ भारत अभियान का आह्वान किया और इसे जन आंदोलन का रूप दिया। कांग्रेस शासनकाल में निर्मल ग्राम योजना सीमित प्रभाव तक ही सिमट गई थी, लेकिन स्वच्छ भारत अभियान के तहत देशभर में 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया।
तकनीक को विकास का सबसे बड़ा माध्यम बनाया
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तकनीक को विकास का सबसे बड़ा माध्यम बनाया। प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 4.13 लाख करोड़ रुपये की राशि, जो पहले बिचौलियों और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी, उसे बचाकर सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया गया। इससे शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ किसानों को लाभ
मेघवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के लगभग 11 करोड़ किसानों को चार लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की गई है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और कृषि क्षेत्र को नई ऊर्जा मिली है।
1757 से 2024 तक की कानूनी यात्रा का किया उल्लेख
अपने संबोधन में केंद्रीय कानून मंत्री ने भारत की न्यायिक और कानूनी व्यवस्था के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने 1757 के प्लासी युद्ध और उसके बाद अंग्रेजों द्वारा स्थापित कानूनी ढांचे का जिक्र करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी लंबे समय तक कई औपनिवेशिक कानून लागू रहे। मोदी सरकार ने ऐसे 1,725 अप्रासंगिक और अनुपयोगी कानूनों को समाप्त या संशोधित किया है।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों द्वारा बनाई गई भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और अन्य कानूनों की जगह अब भारतीय सोच और भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं।
संस्कृति और विरासत को मिला नया सम्मान
मेघवाल ने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच भारत की 688 से अधिक सांस्कृतिक और कलात्मक धरोहरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली, जबकि 2013 तक यह संख्या बेहद सीमित थी। मोदी सरकार ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।
डिजिटल इंडिया ने बदल दी शासन व्यवस्था
उन्होंने विदेश मंत्री के रूप में सुषमा स्वराज द्वारा शुरू किए गए ‘मदद’ पोर्टल का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशों में संकट में फंसे भारतीयों की सहायता के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग किया गया। उन्होंने एक छात्र का उदाहरण देते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया में पासपोर्ट खो जाने के बाद उसे मात्र चार घंटे के भीतर नया पासपोर्ट उपलब्ध कराया गया।
ई-कोर्ट परियोजना का भी उल्लेख
उन्होंने ई-कोर्ट परियोजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था को तकनीक से जोड़कर आम नागरिकों के लिए न्याय प्राप्ति को सरल और तेज बनाया गया है।
योग को वैश्विक पहचान दिलाई
मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। आज दुनिया के अधिकांश देशों में योग को अपनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रमाण है।
दुनिया के 32 से अधिक देशों ने किया सम्मानित
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के 32 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
ओडिशा के विकास के लिए रिकॉर्ड निवेश
मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने ओडिशा के विकास के लिए अभूतपूर्व सहायता प्रदान की है। उन्होंने बताया कि ओडिशा को मिलने वाली केंद्रीय सहायता बढ़कर लगभग 12.2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो पहले की तुलना में कई गुना अधिक है। इससे राज्य में आधारभूत संरचना, सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास को नई गति मिली है।
विकसित ओडिशा से ही बनेगा विकसित भारत
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना केवल विकसित भारत नहीं, बल्कि हर राज्य को विकास की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने कहा कि जब ओडिशा विकसित होगा, तब भारत भी विकसित होगा। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकसित ओडिशा और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
