Home / Odisha / मोदी सरकार के 12 साल, मोहन ने गिनाईं केंद्र की सौगातें

मोदी सरकार के 12 साल, मोहन ने गिनाईं केंद्र की सौगातें

  •     कहा-रेल से बंदरगाह तक, केंद्र की मदद से बदला ओडिशा का विकास परिदृश्य

  •     मोदी सरकार के 12 वर्ष में ओडिशा को मिली रिकॉर्ड सहायता

  •     केंद्र के सहयोग से ओडिशा बना विकास का नया मॉडल

  •     नक्सलवाद पर लगी लगाम

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा को मिली केंद्रीय सहायता और विकास परियोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण राज्य में विकास कार्यों ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है। रेल, सड़क, बंदरगाह, राष्ट्रीय राजमार्ग, कृषि, महिला सशक्तीकरण और जनजातीय विकास जैसे क्षेत्रों में रिकॉर्ड निवेश से ओडिशा का विकास परिदृश्य पूरी तरह बदल रहा है।

ओडिशा कन्वेंशन हाल में आयोजित मीडिया कन्क्लेव में उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से राज्य विकास का नया मॉडल बनकर उभरा है, जबकि बुनियादी ढांचे के विस्तार और सरकारी पहुंच बढ़ने से नक्सलवाद पर भी प्रभावी लगाम लगी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण तिथि है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और तेजी से उभरती हुई आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ भारत ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले जहां देश पेट्रोलियम आपूर्ति के लिए सीमित देशों पर निर्भर था, वहीं अब भारत ने अपने ऊर्जा स्रोतों का विस्तार कर वैश्विक स्तर पर मजबूत आपूर्ति नेटवर्क तैयार किया है।

परियोजनाओं से बदलेगी ओडिशा की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से ओडिशा में बुनियादी ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राज्य को चालू वित्तीय वर्ष में 10,928 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही राज्य में लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिससे रेल संपर्क और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और उन्नयन के लिए 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इससे राज्य के दूरदराज क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

सागरमाला और जलमार्ग परियोजनाओं से बढ़ेगा व्यापार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सागरमाला योजना के तहत ओडिशा में एक आधुनिक सैटेलाइट पोर्ट विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय जलमार्गों के विकास और हवाई संपर्क विस्तार पर भी तेजी से कार्य हो रहा है। इन परियोजनाओं से व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास बना बदलाव का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से सड़क परियोजनाएं पूरी की गई हैं। बेहतर सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ने से नक्सली गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और सुशासन के बल पर ओडिशा जल्द ही पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त राज्य बनने की दिशा में सफलता हासिल करेगा।

किसानों और मत्स्यजीवियों को मिल रहा सीधा लाभ

कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की संख्या राज्य में 29 लाख से बढ़कर 35 लाख तक पहुंच गई है। इससे किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिल रही है और उनकी आय में वृद्धि हो रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग 12 लाख मत्स्यजीवियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। भुवनेश्वर के पंद्रा क्षेत्र में आधुनिक मछली बाजार का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे मत्स्य व्यवसाय को नई मजबूती मिलेगी।

23 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तिकरण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 23.46 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य इस संख्या को बढ़ाकर 25 लाख तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि इनमें से 310 महिलाएं ‘महालखपति दीदी’ के रूप में सफल उद्यमी बनकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।

आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम जन-मन योजना के तहत राज्य के 14 जिलों के एक हजार से अधिक गांवों को सड़क संपर्क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा गया है। इससे विशेष रूप से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।

अमृत 2.0 में देश में अव्वल रहा ओडिशा

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत हुई है और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय तेजी आई है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के प्रभावी कार्यान्वयन में ओडिशा ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

इसके साथ ही नई सरकार के गठन के बाद राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू कर शिक्षा क्षेत्र में भी व्यापक सुधारों की शुरुआत की गई है।

विकसित ओडिशा से बनेगा विकसित भारत

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की साझा विकास सोच, बेहतर समन्वय और जनकल्याणकारी नीतियों के कारण ओडिशा तेजी से विकास और समृद्धि के नए युग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित ओडिशा का सपना, विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा हुआ है और डबल इंजन सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …