-
खुर्दा में दोहरी मौत से पसरा मातम
-
पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
-
खबर सुनते ही बेटे ने खाया जहर; दोनों की मौत
भुवनेश्वर। खुर्दा जिले में कर्ज से जुड़ी परेशानियों के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बाणपुर थाना क्षेत्र के केसापुर गांव में पिता और पुत्र की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, केसापुर गांव के 70 वर्षीय नवघन प्रधान ने कथित तौर पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पिता की मौत की खबर मिलने के कुछ ही समय बाद उनके 30 वर्षीय पुत्र तूफान प्रधान ने कथित रूप से जहर खा लिया।
परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह कुछ ही घंटों के अंतराल में पिता-पुत्र दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, तूफान प्रधान लंबे समय से गांव से बाहर रह रहा था और दो दिन पहले ही घर लौटा था। घर आने के बाद उसे पता चला कि उसके पिता ने काफी मात्रा में कर्ज लिया हुआ है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि कर्ज और पारिवारिक तनाव से व्यथित होकर नवघन प्रधान ने यह कदम उठाया। पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद सदमे में आए पुत्र ने भी जहर खाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर बाणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। रविवार को पिता और पुत्र का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
