Home / Odisha / भुवनेश्वर में कालबैसाखी का कहर

भुवनेश्वर में कालबैसाखी का कहर

  •         पेड़ उखड़े; व्यापार मेला परिसर में भारी नुकसान

  •         ओलावृष्टि और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में शनिवार दोपहर कालबैसाखी (नॉरवेस्टर) तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, होर्डिंग्स क्षतिग्रस्त हो गए तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। हालांकि अचानक हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिली।

सबसे अधिक नुकसान जनता मैदान में देखने को मिला, जहां आगामी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के लिए लगाए गए कई टेंट तेज हवाओं और बारिश की चपेट में आकर धराशायी हो गए। इससे मेले की तैयारियों को झटका लगा है।

जयदेव विहार क्षेत्र में एक विशाल पेड़ उखड़कर 10 से अधिक वाहनों पर गिर पड़ा, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। शहर के कई अन्य इलाकों में भी पेड़ और उनकी शाखाएं सड़कों पर गिरने से यातायात बाधित रहा। प्रशासन की टीमें सड़कों से पेड़ हटाने और यातायात सामान्य करने में जुटी रहीं।

ओलावृष्टि ने बढ़ाई परेशानी

भुवनेश्वर और आसपास के कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवाओं के कारण कई अस्थायी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई बड़े विज्ञापन बोर्ड और होर्डिंग्स भी टूटकर गिर गए।

11 जिलों के लिए जारी था येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तीन घंटों के लिए 11 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग के अनुसार अनुगूल, बालेश्वर, नयागढ़, कंधमाल, बलांगीर, कालाहांडी, जगतसिंहपुर, कटक, पुरी और खुर्दा जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ आंधी-बारिश की संभावना जतायी थी। भुवनेश्वर में हवा की गति काफी तेज थी। आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा बिजली गिरने से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी थी।

एक सप्ताह के भीतर ओडिशा में दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले छह से आठ दिनों के भीतर ओडिशा में प्रवेश करने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में व्यापक वर्षा की उम्मीद है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …