Home / Odisha / ओडिशा में चावल मिलिंग शुल्क में दो गुना वृद्धि

ओडिशा में चावल मिलिंग शुल्क में दो गुना वृद्धि

  •         किसानों से धान खरीद होगी सुचारु – मुख्यमंत्री

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में चावल मिलिंग शुल्क (मिलिंग चार्ज) में दो गुना वृद्धि करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। किसानों से धान की निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने तथा मिलर्स की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्णय के अनुसार, उसना चावल (पारबॉयल्ड राइस) की मिलिंग दर को वर्तमान 20 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसी प्रकार, अरवा चावल (रॉ राइस) की मिलिंग दर को 10 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

राज्य सरकार का मानना है कि मिलिंग शुल्क में वृद्धि से राइस मिल मालिकों को राहत मिलेगी और किसानों से धान संग्रहण की प्रक्रिया अधिक सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगी। इससे राज्य की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आशा व्यक्त की कि इस निर्णय से धान खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी और किसानों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में श्रमिक मजदूरी, पेट्रोल तथा मिलिंग कार्य से जुड़े अन्य आवश्यक संसाधनों की लागत में लगातार वृद्धि हुई है। इसके बावजूद ओडिशा में मिलिंग शुल्क अपेक्षाकृत कम था, जबकि कई अन्य राज्यों में यह दर काफी अधिक है। ऐसे में राज्य सरकार ने परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मिलिंग शुल्क में संशोधन का निर्णय लिया है।

सरकार का मानना है कि यह कदम कृषि विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ धान खरीद और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन को भी अधिक प्रभावी बनाएगा।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …