भुवनेश्वर। चिंतन शिविर 2026 के अवसर पर ओडिशा के खेल एवं युवा सेवाएं राज्य मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने देश के प्रमुख खेल प्रशासकों और विशेषज्ञों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर राज्य में खेलों के समग्र विकास की आगामी रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में खेल अवसंरचना के विस्तार, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान एवं प्रशिक्षण को सुदृढ़ बनाने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर सहायता तंत्र विकसित करने तथा ओडिशा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में आडिले सुमारिवाला, पुलेला गोपीचंद, दिलीप तिर्की, मोनाल चोकसी जैसे खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। सभी विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा करते हुए राज्य में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
राज्य मंत्री सूर्यबंशी सूरज ने कहा कि ओडिशा सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राज्य को देश के अग्रणी खेल केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझाव राज्य की भावी खेल नीतियों और विकास योजनाओं को नई दिशा प्रदान करेंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
