-
अभाविप के रचनात्मक कार्यों का संगम बनी ‘महाराजा खारवेल प्रदर्शनी
-
आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
भुवनेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक के अंतर्गत कार्यक्रम स्थल के ऑडिटोरियम के भूतल में आयोजित “महाराजा खारवेल प्रदर्शनी” ओडिशा की गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक विरासत तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ध्येय यात्रा का जीवंत परिचय प्रस्तुत करती है। इस भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन ओडिशा सरकार के आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र, रामादेवी महिला विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर की कुलपति प्रो ज्योत्स्ना केबी राउत, अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में ओडिशा के समृद्ध इतिहास, भगवान जगन्नाथ की लोकआस्था एवं संस्कृति, पारंपरिक पर्व-उत्सवों, लोककला, हस्तशिल्प तथा कोणार्क सूर्य मंदिर के प्रसिद्ध कोणार्क चक्र के माध्यम से राज्य की स्थापत्य एवं वैज्ञानिक चेतना को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया है। साथ ही, अभाविप द्वारा वर्षभर देशभर में किए गए विविध रचनात्मक कार्यों, सेवा गतिविधियों, छात्र आंदोलनों एवं विभिन्न आयामों की गतिविधियों को भी सुसंगत रूप से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी का प्रवेश द्वार प्राचीन रत्नागिरी विश्वविद्यालय की स्थापत्य शैली से प्रेरित है, जो ओडिशा की समृद्ध शिक्षा परंपरा एवं ज्ञान-साधना की ऐतिहासिक धारा का प्रतीक है। ध्यातव्य हो कि अभाविप की यह महत्वपूर्ण बैठक 29-31 मई को भुवनेश्वर में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के सभी राज्यों से 484 कार्यकर्ता प्रतिनिधि सहभागी होंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
