-
आईएमडी ने संबलपुर और बलांगीर के लिए जारी किया रेड वार्निंग
-
कई जिलों में हीटवेव और गर्म रातों की चेतावनी
-
राज्य में 29 मई तक जारी रहेगा भीषण गर्मी का कहर
भुवनेश्वर। ओडिशा में भीषण गर्मी और लू के लगातार बढ़ते प्रकोप से राज्य में अब तक 18 मौतों की सूचना मिली है, जिनमें से तीन मौतों की पुष्टि लू लगने से हुई है। बढ़ते तापमान और गर्म रातों को देखते हुए मौसम विभाग ने दो जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया था कि इस महीने ओडिशा में लू से जुड़ी घटनाओं में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) के कार्यालय के अनुसार, मई महीने में अब तक सरकार को लू लगने से हुई 16 मौतों की रिपोर्ट मिली है। अब खबर आ रही है कि यह संख्या बढ़कर 18 हो चुकी है।
ओडिशा में 29 मई तक हीटवेव, उमस भरी गर्मी और गर्म रातों का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को 27 मई तक के लिए संबलपुर और बलांगीर जिलों के कुछ स्थानों पर हीटवेव और गर्म रातों को लेकर रेड वार्निंग जारी की है। वहीं बौध जिले में भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा झारसुगुड़ा, सोनपुर, कलाहांडी और नुआपड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कंधमाल और बरगड़ में येलो चेतावनी दी गई है।
28 मई तक जारी रह सकता है हीटवेव का असर
28 मई को भी संबलपुर, बौध और बलांगीर जिलों में ऑरेंज वार्निंग जारी रहेगी। वहीं सोनपुर, नुआपड़ा, झारसुगुड़ा, कलाहांडी, कंधमाल और बरगड़ में येलो चेतावनी लागू रहेगी। इसके बाद अगले 24 घंटे तक संबलपुर, बौध, बलांगीर, सोनपुर और झारसुगुड़ा में येलो वार्निंग जारी रहने की संभावना है।
तटीय और दक्षिणी जिलों में उमस भरी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार बालेश्वर, भद्रक, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, पुरी, खुर्दा, गजपति, गंजाम, जाजपुर, नयागढ़, अनुगूल, ढेंकानाल, रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि और नवरंगपुर में भी 29 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
चार दिन बाद मिल सकती है राहत
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि राज्य में लगातार चल रही शुष्क और गर्म उत्तर-पश्चिमी हवाओं तथा किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के अभाव के कारण तापमान में तेजी आई है। हालांकि अगले चार दिनों बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार
सोमवार सुबह 11:30 बजे तक संबलपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद हीराकुद में 40.2, झारसुगुड़ा में 40, राउरकेला में 37 और भुवनेश्वर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
एक दिन पहले टिटिलागढ़ में 45.8 डिग्री, बौध में 45.6, भवानीपाटना में 45.4, संबलपुर में 45.3, सोनपुर में 45.2 और बलांगीर में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
दोपहर में बाहरी काम पर रोक, 18 मौतों की रिपोर्ट
भीषण गर्मी को देखते हुए ओडिशा वर्क्स विभाग ने निर्देश जारी कर कहा है कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मजदूरों से खुले में काम न कराया जाए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
