Home / Sports / टेनिस ऑस्ट्रेलिया के नए सीईओ बने एंड्रयू अब्डो, क्रेग टाइली की लेंगे जगह
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

टेनिस ऑस्ट्रेलिया के नए सीईओ बने एंड्रयू अब्डो, क्रेग टाइली की लेंगे जगह

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलियाई टेनिस संस्था ‘टेनिस ऑस्ट्रेलिया’ ने सोमवार को नेशनल रग्बी लीग (एनआरएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एंड्रयू अब्डो को नया सीईओ नियुक्त किया है। वह क्रेग टाइली की जगह लेंगे, जिन्होंने फरवरी में अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी।
ऑस्ट्रेलिया की दोनों खेल संस्थाओं ने सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर इस नियुक्ति की पुष्टि की।
क्रेग टाइली ने फरवरी में बताया था कि वह ऑस्ट्रेलियन ओपन टूर्नामेंट निदेशक और टेनिस ऑस्ट्रेलिया के सीईओ पद छोड़कर अमेरिका टेनिस संघ (यूएसटीए) से जुड़ेंगे, जो यूएस ओपन का संचालन करता है।
दक्षिण अफ्रीका मूल के टाइली वर्ष 2006 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के टूर्नामेंट निदेशक बने थे। उनके कार्यकाल में टूर्नामेंट का विस्तार 15-दिवसीय आयोजन तक हुआ और दर्शक संख्या व राजस्व के कई रिकॉर्ड टूटे। वर्ष 2013 में उन्हें टेनिस ऑस्ट्रेलिया का सीईओ बनाया गया था।
नए सीईओ एंड्रयू अब्डो भी दक्षिण अफ्रीका से हैं। वह वर्ष 2013 से ऑस्ट्रेलिया की नेशनल रग्बी लीग से जुड़े हुए हैं। शुरुआत में उन्होंने मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी के रूप में काम किया और वर्ष 2020 में सीईओ बने। कोविड-19 महामारी के दौरान लीग को संभालने, विस्तार और विकास में उनकी अहम भूमिका रही।
अब्डो ने अपने बयान में कहा, “टेनिस ऑस्ट्रेलिया की ऑस्ट्रेलियाई खेलों में एक विशेष पहचान है। ऑस्ट्रेलियन ओपन पहले से ही दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शामिल है। अब लक्ष्य इसे और आगे ले जाना है — एक वैश्विक आयोजन, शानदार फैन अनुभव और ज्यादा लोगों को टेनिस से जोड़ने वाले मंच के रूप में।”
टेनिस ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि वैश्विक स्तर पर भर्ती प्रक्रिया के दौरान 150 से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन उच्चस्तरीय खेल लीग में नेतृत्व अनुभव के कारण अब्डो सबसे उपयुक्त साबित हुए।
क्रेग टाइली ने कहा, “टेनिस ऑस्ट्रेलिया देश के सबसे लोकप्रिय खेल संगठनों में से एक है और इसमें लगातार भागीदारी बढ़ रही है। हमारे पास विश्वस्तरीय खिलाड़ी और अगली पीढ़ी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों व कोचों को तैयार करने वाली बेहतरीन टीम मौजूद है।”
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियन ओपन हर वर्ष आयोजित होने वाले चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में पहला टूर्नामेंट होता है। इसके बाद फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन का आयोजन किया जाता है।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था

मियामी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब …