Home / Odisha / सुंदरगढ़ में फूड प्वाइजनिंग से चार महिलाओं की मौत
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

सुंदरगढ़ में फूड प्वाइजनिंग से चार महिलाओं की मौत

  •     अंतिम संस्कार के भोज में किए थे भोजन

  •     सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा के 17 लोग हुए बीमार, कई की हालत गंभीर

राउरकेला। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला में अंतिम संस्कार के बाद आयोजित भोज में शामिल होने के बाद संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग की घटना में चार महिलाओं की मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि कई अन्य लोग अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

मृतकों की पहचान सुनाखाई गांव की उल्लास खड़िया (40), लखनपुर की सुकांति खड़िया (60), नुआडीही गांव की मंगल साई नायक तथा हेमगिरि की रायबारी प्रधान (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हेमगिरि ब्लॉक के नुआडीही गांव में आयोजित दशक्रिया कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। भोज में शामिल परिवार और रिश्तेदारों को कुछ ही देर बाद पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।

स्थिति गंभीर होने पर 17 लोगों को पहले हेमगिरि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर मरीजों को संबंधित जिला मुख्यालय अस्पतालों में रेफर किया गया।

आईसीयू में भर्ती हैं बच्चा और एक पुरुष

सूत्रों के मुताबिक, झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में एक पुरुष और एक बच्चे की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। वहीं अन्य मरीजों का इलाज सुंदरगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कई मरीजों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दूषित तालाब के पानी पर जताया जा रहा संदेह

हेमगिरि सीएचसी के डॉक्टर शक्ति प्रसाद रथ ने स्थानीय मीडिया को बताया कि प्रभावित गांव में सुरक्षित पेयजल की सुविधा नहीं है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गांव के लोग जिस तालाब के पानी का उपयोग पीने और हाथ धोने के लिए कर रहे थे, वही पानी दूषित हो सकता है। उन्होंने बताया कि दिन में 13 और रात में चार मरीज अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया और डॉक्टरों की टीम दोनों गांवों का दौरा कर रही है। टीम अन्य संभावित मरीजों की पहचान करने और स्थिति पर नजर रखने में जुटी हुई है।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच शुरू

घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। अधिकारी भोज में परोसे गए भोजन, पानी के स्रोत और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं ताकि फूड प्वाइजनिंग की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री और विधायक ने जताया शोक

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग और विधायक टंकधर त्रिपाठी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अस्पताल में भर्ती लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में मंत्री ने कहा कि नुआडीही गांव में श्राद्ध भोज में भोजन ग्रहण करने के बाद कुछ लोगों के असामयिक निधन की सूचना पाकर वे अत्यंत दुखी और मर्माहत हैं।

उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उपचाराधीन सभी प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों के इलाज और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …