-
नौ जिलों को मिले नए एसपी
-
कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर सरकार का फोकस
-
मुख्यमंत्री समीक्षा के बाद लिया गया फैसला
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और ओडिशा पुलिस सेवा (ओपीएस) के 18 वरिष्ठ अधिकारियों का बड़ा तबादला किया है। गृह विभाग ने शनिवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
यह फेरबदल जिला प्रशासन, विशेष इकाइयों और अपराध शाखा, एसटीएफ, स्पेशल ब्रांच तथा विजिलेंस जैसे महत्वपूर्ण विभागों में किया गया है।
सरकार का यह कदम ऐसे समय आया है, जब हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिक सतर्क, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया था।
अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होने के साथ-साथ रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में नई सोच और बेहतर कार्यक्षमता लाई जा सके।
नौ जिलों को मिले नए पुलिस अधीक्षक
राज्य सरकार के आदेश के तहत कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किए गए हैं। नवरंगपुर जिला के एसपी माड़कर संदीप संपत को पदोन्नत करते हुए कटक स्थित सीआईडी-सीबी में डीआईजी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह भद्रक के अतिरिक्त एसपी कश्यप पार्थ जगदीश को नवरंगपुर का नया एसपी बनाया गया है।
कटक सीआईडी-सीबी में एसपी के पद पर कार्यरत परमार स्मित परशोत्तम दास को नयागढ़ जिला का एसपी नियुक्त किया गया है। वर्तमान एसपी एस सुश्री को विजिलेंस विभाग में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।
खुर्दा, गंजाम और रायगड़ा में भी बदलाव
खुर्दा जिला के एसपी विवेकानंद शर्मा को कटक सीआईडी-सीबी में एसपी के रूप में भेजा गया है। रायगड़ा जिला की एसपी स्वाति एस कुमार को भुवनेश्वर स्थित स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में एसपी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह स्पेशल ब्रांच के एसपी राज प्रसाद रायगढ़ा के नए एसपी होंगे।
गंजाम जिला के एसपी सुभेंदु कुमार पात्र को खुर्दा का नया एसपी बनाया गया है, जबकि कंधमाल जिला के एसपी हरिशा बीसी को गंजाम का एसपी नियुक्त किया गया है।
बरगड़, गजपति और बौध में नई नियुक्तियां
बरगड़ जिला के एसपी प्रह्लाद सहाय मीणा को गजपति जिला का एसपी बनाया गया है। वहीं भुवनेश्वर एसटीएफ में कार्यरत रवींद्र नाथ सतपथी को बरगड़ का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
बौध जिला के एसपी राहुल गोयल को स्पेशल ब्रांच में एसपी पद पर भेजा गया है। राज्यपाल के एडीसी कुलदीप मीणा को बौध जिले का नया एसपी बनाया गया है। रायगड़ा के अतिरिक्त एसपी रामेंद्र प्रसाद को कंधमाल जिले का एसपी नियुक्त किया गया है।
देवगढ़ और राउरकेला में भी बदलाव
भुवनेश्वर-कटक यूपीडी के डीसीपी किशोर चंद्र मुंड को देवगढ़ जिला का एसपी बनाया गया है। ओपीएस कैडर में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कृष्ण प्रसाद पटनायक को एसपी सिग्नल्स, कृष्ण प्रसाद दास को राउरकेला एसआरपी के एसपी और किशोर चंद्र मुंड को देवगढ़ एसपी के रूप में नियुक्ति दी गई है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश
गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को जल्द से जल्द वर्तमान पदों का प्रभार सौंपकर नई जिम्मेदारी ग्रहण करनी होगी। सरकार का मानना है कि इन बदलावों से राज्य में पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
