भुवनेश्वर । ओडिशा के विजिलैंस विभाग ने सहकारी संस्थाओं में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगड़ा जिले के के. सिंहपुर लार्ज एरिया मल्टी-पर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी (LAMPCS) के प्रबंध निदेशक तारिणी प्रसाद त्रिपाठी को 75 लाख रुपये के गबन मामले में गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों की गहन जांच में खुलासा हुआ कि यह कथित वित्तीय घोटाला वर्ष 2024 से 2026 के बीच अंजाम दिया गया। आरोप है कि तरिणी प्रसाद त्रिपाठी ने आधिकारिक रिकॉर्ड में हेरफेर कर संस्था के धन का दुरुपयोग किया।
जांच में यह भी सामने आया कि गबन की गई 75 लाख रुपये की राशि सहकारी संस्था के प्राथमिक सदस्यों की जमा पूंजी और बचत राशि थी। इससे संस्था पर निर्भर स्थानीय हितधारकों की आर्थिक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
इस संबंध में कोरापुट विजिलेंस थाना में 21 मई 2026 को केस नंबर-8 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
