-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने की घोषणा
-
बोले- ओड़िया फिल्मों के विकास में धन की नहीं होगी कमी
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओड़िया फिल्म उद्योग को नई दिशा देने के लिए जल्द व्यापक नई फिल्म नीति लाने की घोषणा की है। संस्कृति भवन में आयोजित फिल्म जगत के कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और तकनीशियनों के साथ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ओड़िया सिनेमा को साधारण नहीं बल्कि असाधारण प्रयासों की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि किसी राष्ट्र की स्मृति, संस्कृति, भावनाओं और आत्मा का प्रतिबिंब होता है। उन्होंने कहा कि जो समाज उत्कृष्ट सिनेमा बनाता है, उसकी पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत होती है।
संस्कृति और इतिहास पर फिल्में बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माताओं से अन्य फिल्म उद्योगों की नकल छोड़कर ओडिशा की मौलिक पहचान को फिल्मों में प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, ओड़िया संस्कृति, प्राचीन कलिंग की समुद्री गौरवगाथा, जनजातीय परंपराओं, चक्रवात और बाढ़ से संघर्ष, ग्रामीण जीवन और महानदी तट की कहानियों को सिनेमा का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
ओड़िया अस्मिता सरकार में धन नहीं बनेगा बाधा
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर ओड़िया सिनेमा की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि अब ओड़िया अस्मिता की सरकार है और ओड़िया फिल्मों के विकास में धन की कभी कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने राज्य में अत्याधुनिक फिल्म प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने और मजबूत फिल्म इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की भी घोषणा की, ताकि नई प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
2036 शताब्दी समारोह में अहम भूमिका निभाएगा ओड़िया सिनेमा
संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि 2036 में ओडिशा के शताब्दी समारोह में ओड़िया सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संवाद फिल्म उद्योग को नई गति देगा।
फिल्म जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद
बैठक में अभिनेता और विधायक आकाश दास नायक, सिद्धांत महापात्र, अभिनेता अनुभव मोहंती, अनु चौधरी समेत कई कलाकार, निर्माता और तकनीशियन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।
ओड़िया सिनेमा के लिए नए दौर की शुरुआत
फिल्म जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह बैठक ओड़िया सिनेमा के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, जहां वर्षों की उपेक्षा के बाद अब उद्योग को नई पहचान और मजबूती मिलने की उम्मीद जगी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
