Home / Sports / भारतीय जूनियर हॉकी टीमें ऑस्ट्रेलियाई चुनौती के लिए तैयार
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भारतीय जूनियर हॉकी टीमें ऑस्ट्रेलियाई चुनौती के लिए तैयार

भोपाल। भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमें आगामी अंडर-18 एशिया कप 2026 की तैयारियों के तहत ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 टीमों के खिलाफ चार मैचों की अहम सीरीज खेलने के लिए तैयार हैं। यह मुकाबले 15 से 20 मई तक भोपाल स्थित उद्भव दास मेहता (भाई जी) साई सेंट्रल सेंटर में खेले जाएंगे।
यह सीरीज दोनों भारतीय टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद उन्हें 29 मई से जापान के काकामिगहारा में आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप में हिस्सा लेना है।
भारतीय टीमों का चयन 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में प्रदर्शन के आधार पर किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों को साई भोपाल में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया, जहां पिछले एक महीने से गहन अभ्यास कराया जा रहा है। पुरुष टीम को पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह और महिला टीम को पूर्व कप्तान रानी प्रशिक्षण दे रही हैं।
देशभर से चुने गए युवा खिलाड़ियों को पहली बार एक टीम के रूप में तैयार किया गया है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह सीरीज खिलाड़ियों के संयोजन, रणनीति और मानसिक मजबूती को परखने का बड़ा अवसर होगी।

भारतीय पुरुष टीम का कार्यक्रम

भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम की कप्तानी केतन कुशवाहा करेंगे। टीम अपना पहला मुकाबला 15 मई को शाम 5 बजे खेलेगी। दूसरा मैच 17 मई को शाम 7 बजे, तीसरा मुकाबला 18 मई को शाम 5 बजे और अंतिम मैच 20 मई को सुबह 10 बजे खेला जाएगा।

भारतीय महिला टीम का कार्यक्रम

महिला टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर होंगी। टीम का पहला मुकाबला 15 मई को शाम 7 बजे होगा। दूसरा मैच 17 मई को शाम 5 बजे, तीसरा मुकाबला 18 मई को शाम 7 बजे और अंतिम मैच 20 मई को सुबह 8 बजे खेला जाएगा।
सीरीज से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय पुरुष टीम के कोच सरदार सिंह ने कहा, “हॉकी इंडिया का यह कदम बेहद सराहनीय है। इन युवा खिलाड़ियों पर अभी से काम करना जरूरी है क्योंकि यही खिलाड़ी आगे चलकर भारतीय सीनियर टीम की रीढ़ बनेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज टीम के लिए शानदार परीक्षा होगी।”
भारतीय महिला टीम की कोच रानी ने कहा, “इस आयु वर्ग में ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ खेलने का मौका पहली बार मिला है। यह खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा अनुभव होगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों को समझने में मदद मिलेगी।”
ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 पुरुष टीम के कोच डैन मिशेल ने कहा कि भारत के खिलाफ खेलना उनकी टीम के लिए बड़ा सीखने वाला अनुभव होगा, जबकि महिला टीम के कोच मैट कुक ने उम्मीद जताई कि यह दौरा दोनों देशों के बीच भविष्य में मजबूत खेल संबंधों की शुरुआत बनेगा।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था

मियामी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब …