Home / National / भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी

भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी

  • देशभर में ₹3 से ₹3.60 प्रति लीटर तक महंगा हुआ ईंधन

  • मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर, भुवनेश्वर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। शुक्रवार 15 मई की सुबह तेल कंपनियों ने नए रेट जारी किए, जिसके बाद कई शहरों में पेट्रोल-डीजल ₹3.00 से लेकर ₹3.60 प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। नए दाम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

तेल कंपनियों के अनुसार, लंबे समय से बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पुराने रेट पर ईंधन बेचा जा रहा था। इससे कंपनियों पर भारी अंडर-रिकवरी का बोझ बढ़ता गया और अब हालात ऐसे हो गए कि कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी पर हर महीने करीब ₹30,000 करोड़ तक का नुकसान उठाना पड़ रहा था। सूत्रों के मुताबिक, कंपनियों को कई स्थानों पर पेट्रोल-डीजल बिक्री में ₹25 से ₹30 प्रति लीटर तक का घाटा हो रहा था।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम

राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल ₹3 महंगा होकर ₹97.77 प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में नया रेट ₹106.64, चेन्नई में ₹103.90 और कोलकाता में ₹108.74 प्रति लीटर हो गया है। भुवनेश्वर में सबसे अधिक ₹3.60 की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद यहां पेट्रोल ₹104.57 प्रति लीटर बिक रहा है। हैदराबाद में पेट्रोल ₹110.89 और तिरुवनंतपुरम में ₹110.58 प्रति लीटर तक पहुंच गया है।

इसके अलावा नोएडा में पेट्रोल ₹98.04, गुरुग्राम में ₹98.29, पटना में ₹108.55, जयपुर में ₹107.97 और लखनऊ में ₹97.55 प्रति लीटर हो गया है।

डीजल भी हुआ महंगा

पेट्रोल के साथ-साथ डीजल की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। नई दिल्ली में डीजल ₹90.67 प्रति लीटर, मुंबई में ₹93.14, चेन्नई में ₹95.47 और कोलकाता में ₹95.13 प्रति लीटर हो गया है।

भुवनेश्वर में डीजल ₹3.56 महंगा होकर ₹96.11 प्रति लीटर पहुंच गया है। हैदराबाद में डीजल ₹98.96, तिरुवनंतपुरम में ₹99.35, लखनऊ में ₹90.82 और पटना में ₹94.63 प्रति लीटर बिक रहा है।

आम लोगों पर बढ़ेगा बोझ

ईंधन की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन, माल ढुलाई और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से बस किराया, टैक्सी, ट्रांसपोर्ट और खाद्य वस्तुओं की लागत में भी इजाफा हो सकता है।

आगे और बढ़ सकते हैं दाम

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मिडिल ईस्ट संकट लंबा खिंचता है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Share this news

About admin

Check Also

एएसआरएचएमसी ने 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

ताडेपल्लीगुडेम, एएसआरएचएमसी ने आज अपने कैंपस में 80वां स्वतंत्रता दिवस शानदार तरीके से मनाया, जिसमें …