-
पश्चिम एशिया संकट के बीच लिया गया फैसला
-
उपलब्धियों के प्रचार पर रहेगा फोकस
भुवनेश्वर। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक परिस्थितियों के बीच ओडिशा सरकार ने अपनी द्वितीय वर्षगांठ सादगीपूर्ण ढंग से मनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लोकसेवा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट किया कि मौजूदा चुनौतीपूर्ण हालात को देखते हुए भव्य आयोजनों से परहेज किया जाएगा। हालांकि सरकार अपनी दो वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाने पर विशेष फोकस रखेगी।
माझी ने गुरुवार को लोकसेवा भवन में आयोजित तैयारी बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के कारण देश एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। ऐसे में सरकार के दो वर्ष पूरे होने के कार्यक्रमों को भव्य उत्सव के बजाय सरल और संयमित तरीके से आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा लागू जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को हो रहे लाभ को प्रभावी ढंग से जनता के सामने प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाएं और सूचना सामग्री भी प्रकाशित की जाएगी।
12 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 जून से 21 जून तक राज्य और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को सात प्रमुख थीमों, शक्ति ओडिशा, समृद्ध कृषि ओडिशा, स्वस्थ ओडिशा, निर्माण ओडिशा, उत्कर्ष ओडिशा, जनशक्ति ओडिशा तथा कौशल ओडिशा, के आधार पर आयोजित किया जाएगा।
इसके साथ ही वर्ष 2026 से 2036 तक राज्य सरकार के लक्ष्यों और विकास दृष्टिकोण को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
सभी मंत्री पेश करेंगे रिपोर्ट कार्ड
मुख्यमंत्री ने सभी विभागीय मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों की दो वर्षों की उपलब्धियों पर पत्रकार सम्मेलन आयोजित करें तथा संबंधित विभागों की प्रगति पर आधारित पुस्तिकाएं और लीफलेट प्रकाशित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य की समृद्धि और जनकल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
बैठक में उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी कानून एवं लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, पंचायतीराज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्र, मुख्य सचिव तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
