-
केंद्रापड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी लापरवाही
-
मरीजों और कर्मचारियों में मचा हड़कंप
-
एक ही बेंच पर बैठे थे दोनों मरीज
केंद्रापड़ा। जिले के करीलोपाटना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे एक मरीज को गलती से कुत्ते के काटने पर दी जाने वाली एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगा दी गई। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मरीज तेज सीने के दर्द की शिकायत लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। उसी समय कुत्ते के काटने का शिकार एक अन्य व्यक्ति भी उसी बेंच पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दवा वितरण में भ्रम की स्थिति बन गई और फार्मासिस्ट ने गलती से सीने में दर्द वाले मरीज को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दे दी।
डॉक्टरों ने घटना की पुष्टि की
स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फार्मासिस्ट ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद मरीज की स्थिति पर निगरानी रखी गई और चिकित्सकों ने यह सुनिश्चित किया कि उसे कोई गंभीर दुष्प्रभाव न हो।
सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमी को लेकर सवाल उठे
इस घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने बिना सही पहचान और सत्यापन के इंजेक्शन लगाए जाने पर चिंता जताई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
