-
स्वास्थ्य सचिव अस्वथी एस ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
-
राज्यभर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने लिया हिस्सा
-
एआई आधारित निगरानी पर जोर
भुवनेश्वर। ओडिशा में आगामी मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य आयुक्त-सह-सचिव अस्वथी एस ने स्वास्थ्य विभाग के सम्मेलन कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्यभर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने और मानसून के दौरान संभावित बीमारियों से निपटने की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध निदेशक डॉ बृंदा डी, स्वतंत्र सचिव डॉ विजय महापात्र, विभिन्न विभागों के स्वास्थ्य निदेशक, अतिरिक्त सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं मेडिकल कॉलेजों के डीन, अस्पताल अधीक्षक, जिला मुख्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
स्वास्थ्य सेवाओं और दवा उपलब्धता की हुई समीक्षा
बैठक में जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं, रोग नियंत्रण कार्यक्रमों, डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य सचिव ने मानसून से पहले सभी जिलों को अग्रिम तैयारी करने और संभावित रोग प्रकोप रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाने के निर्देश दिए।
फूड प्वाइजनिंग और पीलिया मामलों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
हाल में कुछ क्षेत्रों में फूड प्वाइजनिंग और पीलिया के मामलों का उल्लेख करते हुए अस्वथी एस ने खाद्य निरीक्षकों को फील्ड निगरानी तेज करने और तुरंत जिला कलेक्टरों को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। सभी जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों से सतर्क रहते हुए लोगों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य से लेकर आयुष्मान भारत तक योजनाओं की समीक्षा
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण अभियान, आयुष्मान भारत, गोपबंधु जन आरोग्य योजना, आयुष सेवाएं, जन शिकायत निवारण, प्रधानमंत्री राहत योजनाएं, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और बाल स्वास्थ्य अभियानों की भी समीक्षा की गई। सभी चिकित्सा संस्थानों को मरीजों की सुविधा और आराम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
एआई आधारित उपस्थिति निगरानी लागू करने पर जोर
स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी के लिए एआई आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली के उपयोग पर विशेष बल दिया और इसके सख्त अनुपालन के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग ओडिशा के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और जन-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
