-
15 मई से बालेश्वर, कटक, पुरी और संबलपुर में भी होगी खरीद प्रक्रिया शुरू
भुवनेश्वर। ओडिशा में रबी धान खरीद प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में सोमवार से बरगढ़ जिले में रबी धान की खरीद शुरू हो गई। वर्तमान रबी सीजन में राज्य के 20 जिलों में धान खरीद अभियान चलाया जा रहा है।
बरगढ़ जिले में इस बार कुल 1,05,494 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 96,377 किसानों को टोकन जारी किए जा चुके हैं। वहीं, 15 मई से बालेश्वर, कटक, पुरी और संबलपुर जिलों में भी धान खरीद प्रक्रिया शुरू होगी।
जिन जिलों में रबी धान खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण हुआ है, उसमें बालेश्वर में 38,113 किसान, कटक में 3,518 किसान, पुरी में 22,236 किसान, संबलपुर में 19,113 किसान शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों को टोकन जारी किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित जिलों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पंजीकृत किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ टोकन वितरण का कार्य भी जारी है।
मंडियों में निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात
धान खरीद प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रत्येक मंडी में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन की ओर से मंडियों में गर्मी और बेमौसम बारिश को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंडियों में अस्थायी शेड, पेयजल सुविधा तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी तरीके से संचालित हो सके।
48 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भुगतान
सरकार की ओर से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और इनपुट सहायता राशि सहित प्रति क्विंटल 3,100 रुपये का भुगतान किया जा रहा है। यह राशि धान खरीद के 48 घंटे के भीतर सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
