-
अनियमितताओं को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई
भुवनेश्वर। बीजद ने सोमवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव में कथित अनियमितताओं को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पार्टी ने आरोप लगाया है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान दो भाजपा विधायकों को अवैध रूप से दूसरा बैलेट पेपर जारी किया गया, जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है। बीजद के अनुसार, विधायक उपासना महापात्र और पूर्ण चंद्र सेठी को दूसरा बैलेट पेपर दिया जाना चुनाव प्रक्रिया का गंभीर उल्लंघन है।
बीजद प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में तुरंत उचित कार्रवाई की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से विस्तृत जांच कराने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रसन्न आचार्य, मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक, राज्यसभा चुनाव के पोलिंग एजेंट प्रताप देब, उप मुख्य सचेतक एवं अधिकृत एजेंट डॉ अरुण कुमार साहू, विधायक एवं काउंटिंग एजेंट डॉ. सस्मित पात्र तथा अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।
पार्टी नेताओं ने बताया कि यह मामला 28 अप्रैल को हुए राज्यसभा चुनाव से संबंधित है, जब मतदान प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से दो विधायकों को दूसरा बैलेट पेपर जारी किया गया था। इस घटना के बाद बीजद ने पहले ही भारत निर्वाचन आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
