-
स्वयंसेवकों ने अनुशासन, निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया
भुवनेश्वर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थानीय केशव प्रभात शाखा का नौवां वार्षिक उत्सव आज सुबह डॉ एपीजे अब्दुल कलाम पार्क परिसर में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। प्रातः 6:30 से 7:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने अनुशासन, निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रद्युत कुमार विश्वाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में खंडगिरि भाग के संघचालक विजय केतन साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि भुवनेश्वर महानगर के ग्राम विकास प्रमुख गुणनिधि बेहरा ने मुख्य वक्ता के रूप में स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने संघ की स्थापना, विचारधारा, सामाजिक दायित्व, सेवा भावना और विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उल्लेखनीय है कि ‘केशव प्रभात शाखा’ की स्थापना जुलाई 2017 में खारवेल शाखा के कार्यकर्ताओं के प्रयास से हुई थी। तब से यह शाखा निरंतर 9 वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इस संबंध में स्वयंसेवक नलिनी कुमार पंडा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न शारीरिक कौशल और प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित जनों को विशेष रूप से प्रभावित किया। उत्सव में मुख्य शिक्षक के रूप में पिताबास दास ने दायित्व निभाया, जबकि प्राणबंधु नायक द्वारा संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।इस वार्षिक उत्सव में क्षेत्र के लगभग 80 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
