-
ओडिशा में भारी बारिश और तूफान की आशंका
-
गर्मी से मिल सकती है राहत, लेकिन तेज हवाएं और गरज-चमक बढ़ा सकती हैं मुश्किलें
भुवनेश्वर। ओडिशा में जारी भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद दिख रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में 11 से 15 मई के बीच एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर राज्य के मौसम पर पड़ सकता है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अभी तक किसी चक्रवात को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डिप्रेशन से चक्रवात बनने की संभावना
ग्लोबल फोरकास्ट सिस्टम (जीएफएस) के अनुमान के मुताबिक यह सिस्टम खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में विकसित हो सकता है और धीरे-धीरे डिप्रेशन में बदल सकता है। आगे चलकर इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की भी संभावना जताई जा रही है, हालांकि यह अभी प्रारंभिक अनुमान है।
भारी बारिश और तूफान का असर संभव
यदि यह सिस्टम मजबूत होता है, तो ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन संभावित खतरे को देखते हुए संवेदनशील तटीय जिलों में सतर्कता बढ़ा सकता है।
मौसम विशेषज्ञों की राय
मौसम विशेषज्ञ विश्वजीत साहू ने बताया कि कुछ वैश्विक मॉडल 12 मई के आसपास बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनने का संकेत दे रहे हैं, जबकि कुछ अरब सागर में भी ऐसी संभावना जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह तय करना जल्दबाजी होगी कि कौन-सा सिस्टम विकसित होगा, क्योंकि अनुमान अवधि 10-12 दिन की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
