-
827 नई सड़कों से 898 गांव जुड़ेंगे
-
शिक्षा-स्वास्थ्य तक आसान पहुंच होगी
-
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायगड़ा में महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया
भुवनेश्वर। ओडिशा में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (पीएमजीएसवाई-IV) की शुरुआत की गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 1 मई 2026 को रायगड़ा जिले में इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य दूरदराज, पहाड़ी और पिछड़े क्षेत्रों को हर मौसम में चलने योग्य सड़कों से जोड़ना है।
1700 करोड़ से 1700 किमी सड़क निर्माण
योजना के तहत ओडिशा को शुरुआती चरण में 1700 करोड़ की मंजूरी मिली है। इससे 827 सड़क परियोजनाएं तैयार की जाएंगी, जिनकी कुल लंबाई 1700 किमी से अधिक होगी। ये सड़कें कंधमाल, केंदुझर, खुर्दा, कोरापुट, मालकानगिरि, नवरंगपुर, रायगड़ा और संबलपुर जैसे जिलों में बनेंगी।
898 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पहल से 898 ऐसे गांवों को जोड़ने का लक्ष्य है, जो अब तक सड़क सुविधा से वंचित थे। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी।
ग्रामीण विकास के लिए अतिरिक्त फंडिंग
इस मौके पर अन्य योजनाओं के लिए भी बड़ी घोषणाएं की गईं। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 630.61 करोड़ आवंटन किये जाने की घोषणा की गई, ताकि कच्चे घरों को खत्म कर पक्के मकान बनाए जा सकें। मनरेगा के लिए 868.71 करोड़ मिले, जिससे रोजगार और आजीविका को बढ़ावा मिलेगा। डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 के तहत 30.07 करोड़ रुपये की घोषणा हुई, जिससे सिंचाई और टिकाऊ खेती को मजबूती मिलेगी।
केंद्र-राज्य समन्वय से विकास को गति
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच औपचारिक स्वीकृति पत्रों का आदान-प्रदान हुआ। मुख्यमंत्री ने केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताते हुए “समृद्ध ओडिशा, विकसित ओडिशा” के लक्ष्य को दोहराया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
