-
रिक्टर स्केल पर 4.1 तीव्रता, 3 सेकेंड तक कंपन
-
कोई बड़ा नुकसान नहीं, प्रशासन सतर्क
भुवनेश्वर। ओडिशा के नवरंगपुर और कलाहांडी के कुछ हिस्सों में बुधवार शाम करीब 7:45 बजे हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक आए झटकों से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। झटके करीब तीन सेकेंड तक महसूस किए गए। झरिगांव, चांदहांडी और डाबूगांव ब्लॉक में लोगों ने घरों में कंपन और सामान गिरने की घटनाएं बताईं।
भूकंप के दौरान कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जमीन में कंपन महसूस होने के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल देखा गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार भूकंप से किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। कुछ जगहों पर घरेलू सामान गिरने और दीवारों में हल्का कंपन महसूस हुआ। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी और बताया कि किसी भी संरचनात्मक नुकसान की सूचना नहीं है।
नवरंगपुर क्षेत्र के कई गांवों में लोगों ने पहली बार इस तरह के झटके महसूस किए, जिससे उनमें दहशत फैल गई। लोग कंपन रुकने तक घरों के बाहर ही रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
