Home / Odisha / हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र बनेगा रोजगार का बड़ा केंद्र: शारदा घोष
IHM (145)

हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र बनेगा रोजगार का बड़ा केंद्र: शारदा घोष

  • विकसित ओडिशा 2036 में पर्यटन और सेवा क्षेत्र की बढ़ती भूमिका पर आईएचएम की प्राचार्या ने रखे विचार

भुवनेश्वर। भुवनेश्वर स्थित आईएचएम में आयोजित “विजनरी टॉक एट विकसित ओडिशा 2036” कार्यक्रम में अतिथि सत्कार (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर शारदा घोष, प्राचार्या, आईएचएम ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि विकसित ओडिशा के निर्माण में यह क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है।

उन्होंने कहा कि अतिथि सत्कार और पर्यटन क्षेत्र आने वाले समय में तेजी से उभरेंगे और यहां लाखों की संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। राज्य में विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे और बेहतर संपर्क व्यवस्था के कारण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।

शारदा घोष ने बताया कि आईएचएम भुवनेश्वर वर्ष 1972 से इस क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है और अब तक 20 हजार से अधिक पूर्व छात्र (एलुमनाई) देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान के विद्यार्थी न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आईएचएम भुवनेश्वर विभिन्न सरकारी पहलों जैसे मिलेट मिशन, मिशन शक्ति, स्किल्ड इन इंडिया तथा क्षेत्रीय व्यंजनों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जिससे स्थानीय संस्कृति और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले एक सामान्य धारणा थी कि यदि किसी को अन्य क्षेत्रों में अवसर नहीं मिलता, तो वह इस क्षेत्र को चुनता है। लेकिन अब यह सोच पूरी तरह बदल रही है। आज अतिथि सत्कार क्षेत्र एक सम्मानजनक, पेशेवर और तेजी से विकसित होने वाला करियर विकल्प बन चुका है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने भी इस बात पर सहमति जताई कि पर्यटन और सेवा क्षेत्र ओडिशा के आर्थिक विकास को नई दिशा देंगे। युवाओं को इस क्षेत्र में आगे आकर राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इसके साथ ही घोष ने कहा कि जिस गति से पर्यटन क्षेत्र का विस्तार हो रहा है, उससे देश और दुनिया भर के लोग भारत की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इस बढ़ते आवागमन का सीधा प्रभाव अतिथि सत्कार क्षेत्र पर पड़ रहा है, जिससे इसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि अब केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि उद्योग और अन्य सेवा क्षेत्र भी हॉस्पिटैलिटी को तेजी से अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र एक प्रमुख क्षेत्र के रूप में उभर रहा है, जो अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रहा है। होटल, यात्रा, कार्यक्रम प्रबंधन, कॉर्पोरेट सेवाएं और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं जैसे कई क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता तेजी से बढ़ी है।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां अवसरों की कोई कमी नहीं है। वर्तमान समय में मांग इतनी अधिक है कि प्रतिस्पर्धा की बजाय अवसर अधिक हैं। ऐसे में युवाओं को आगे आकर इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहिए और विकसित ओडिशा के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

Share this news

About admin

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …