-
बलांगीर में 21 अप्रैल तक तथा सोनपुर में 22 तक सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित
-
तापमान बढ़ने पर जिला प्रशासन का फैसला
भुवनेश्वर। ओडिशा में भीषण गर्मी के कारण सोनपुर और बलांगीर जिले में जिला प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों को 18 से 21 अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय लिया है। बढ़ते तापमान और हीटवेव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि छात्रों को तेज गर्मी से सुरक्षित रखा जा सके।
दोनों जिलों के जिलाधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे तापमान के बाद सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी किया। पश्चिम ओडिशा में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे प्रशासन को यह निर्णय लेना पड़ा।
इस सप्ताह सोनपुर और बलांगीर राज्य के सबसे अधिक तापमान वाले जिलों में शामिल रहे। तेज धूप और गर्म हवाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। बलांगीर के जिलाधिकारी ने कहा कि 21 अप्रैल के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अवकाश अवधि बढ़ाई जा सकती है।
इसके बाद सोनपुर जिले में भी भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने 18 से 22 अप्रैल तक स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 22 अप्रैल के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार अवकाश अवधि बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा।
इससे पहले स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा था कि स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर जिले के कलेक्टर ही हीटवेव अवकाश पर निर्णय लेंगे। इसी निर्देश के बाद बलांगीर पहला जिला बना, जिसने स्कूल और कॉलेजों को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की।
अभिभावकों और शिक्षकों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे छात्रों के हित में बताया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी छात्रों को इस दौरान घर के अंदर रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
