-
लिंगराज मंदिर से पीएमजी चौक तक निकाली भव्य मशाल शोभायात्रा
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर का 78वां स्थापना दिवस सोमवार को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समारोह में भुवनेश्वर सांसद अपराजिता षाड़ंगी, विधायक अनंत नारायण जेना, सुशांत कुमार राउत, मेयर सुलोचना दास, पूर्व मंत्री सुरेश कुमार राउतराय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस मौके पर लिंगराज मंदिर से पीएमजी चौक तक एक भव्य मशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व ओलंपियन दूती चांद सहित अन्य खिलाड़ियों ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सुरमा पाढ़ी ने ध्वजारोहण कर संयुक्त नागरिक परेड की सलामी ली। परेड में कुल 51 दलों ने भाग लिया। विभिन्न स्कूल और कॉलेजों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में बीजेबी स्वायत्त महाविद्यालय ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सैनिक स्कूल और राजधानी कॉलेज क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
अपने संबोधन में सुरमा पाढ़ी ने राजधानी के समग्र विकास को तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि भुवनेश्वर राज्य की राजधानी है और इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं मेयर सुलोचना दास ने शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर अतिथियों ने विधानसभा के सामने स्थित राजधानी शिलान्यास स्थल पर माल्यार्पण किया और शहर के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल 1948 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भुवनेश्वर को राजधानी के रूप में स्थापित किया था। उस समय लगभग 40 हजार लोगों के लिए योजनाबद्ध यह शहर आज 15 लाख से अधिक आबादी वाला आधुनिक नगर बन चुका है।
इस अवसर पर जयदेव भवन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें भुवनेश्वर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होने तक की यात्रा को दर्शाया गया है। यह प्रदर्शनी मंगलवार तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
समारोह में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी भुवनेश्वर के सतत विकास और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
